राहुल रॉय के समर्थन में आया ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन, वीडियो में देंखे 60+ कलाकारों के लिए पेंशन की मांग उठाई
अभिनेता राहुल रॉय के हाल ही में वायरल वीडियो को लेकर हो रही आलोचना के बीच ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन उनके समर्थन में आगे आया है। एसोसिएशन ने इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग की निंदा करते हुए इसे “गलत और असंवेदनशील” बताया है। इसके साथ ही एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के 60 वर्ष से अधिक उम्र के कलाकारों के लिए पेंशन और मेडिकल इंश्योरेंस की व्यवस्था की मांग भी की है।
अपने आधिकारिक बयान में एसोसिएशन ने कहा कि स्टार बनने का सफर समय के साथ बदलता रहा है और हर दौर में कलाकारों ने अपनी मेहनत से पहचान बनाई है। बयान में राजेश खन्ना से लेकर शाहरुख खान और रणवीर सिंह जैसे कलाकारों का जिक्र करते हुए कहा गया कि हर पीढ़ी के अपने-अपने आइकॉन रहे हैं।
एसोसिएशन ने राहुल रॉय का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 1990 में आई फिल्म ‘आशिकी’ की ऐतिहासिक सफलता के साथ अपनी अलग पहचान बनाई थी और उस दौर में वे युवाओं के चेहरों में शामिल थे।
मामला उस समय चर्चा में आया जब राहुल रॉय ने मशहूर गाने ‘तेरे दर पर सनम’ पर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनका मजाक उड़ाया और उन्हें ट्रोल किया, जिस पर एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है।
एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह का व्यवहार न केवल गलत है, बल्कि वरिष्ठ कलाकारों के प्रति असम्मान भी दर्शाता है। उन्होंने अपील की है कि कलाकारों के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उन्हें ट्रोल किया जाए।
फिलहाल यह मुद्दा सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है, जहां एक वर्ग राहुल रॉय के समर्थन में खड़ा है, वहीं दूसरा वर्ग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जिम्मेदार व्यवहार की आवश्यकता पर जोर दे रहा है।

