‘दृश्यम 3’ से 7 दिन पहले अक्षय खन्ना ने छोड़ी फिल्म, वीडियो में जाने अभिषेक पाठक ने 3 दिन में बदली पूरी कहानी
अजय देवगन स्टारर फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने बताया कि शूटिंग शुरू होने से महज सात दिन पहले अभिनेता अक्षय खन्ना ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया था। अचानक हुए इस बदलाव के बावजूद मेकर्स ने शूटिंग का शेड्यूल आगे नहीं बढ़ाया। टीम ने महज दो से तीन दिनों में स्क्रिप्ट और किरदार को दोबारा तैयार कर शूटिंग शुरू कर दी।
अजय देवगन के साथ शूटिंग से पहले छोड़ी फिल्म
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अभिषेक पाठक ने बताया कि अक्षय खन्ना के साथ अजय देवगन के सीन शूट किए जाने थे, लेकिन शूटिंग शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले अक्षय ने फिल्म छोड़ दी। पाठक ने इस फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शूटिंग के लिए सिर्फ सात दिन बाकी थे।मेकर्स के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया था। फिल्म का सेट तैयार था और दूसरे कलाकारों की डेट्स पहले से तय थीं। ऐसे में शूटिंग रोकना या आगे बढ़ाना प्रोडक्शन टीम के लिए बड़ा आर्थिक नुकसान साबित हो सकता था।
200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स की जिम्मेदारी
अभिषेक पाठक के मुताबिक, फिल्म पर 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स काम कर रहे थे। शूटिंग टलने का असर सिर्फ फिल्म के बजट पर ही नहीं, बल्कि इससे जुड़े लोगों के काम और रोजगार पर भी पड़ता। इसी वजह से टीम ने शूटिंग रोकने के बजाय तुरंत दूसरा रास्ता निकालने का फैसला किया।
दो-तीन दिन में दोबारा लिखी स्क्रिप्ट
अक्षय खन्ना के फिल्म से बाहर होने के बाद मेकर्स ने उनके किरदार को उसी रूप में किसी दूसरे अभिनेता को देने के बजाय कहानी में बदलाव करने का फैसला किया। अभिषेक पाठक और उनकी टीम ने दो-तीन दिनों में पूरे कैरेक्टर को री-राइट किया।इसके बाद अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत को फिल्म में कास्ट किया गया। इस बलाव के साथ उनके किरदार को भी नए तरीके से तैयार किया गया, ताकि कहानी को शूटिंग शेड्यूल के मुताबिक आगे बढ़ाया जा सके।
‘शूटिंग टालना संभव नहीं था’
अभिषेक पाठक ने बताया कि फिल्म का सेट तैयार हो चुका था और कई कलाकारों की डेट्स लॉक थीं। ऐसेमें सिर्फ एक अभिनेता के फिल्म से बाहर होने के कारण पूरा शेड्यूल आगे बढ़ाना व्यावहारिक नहीं था। इसलिए टीम ने कम समय में कहानी में बदलाव कर शूटिंग जारी रखने का फैसला किया।‘दृश्यम 3’ में एक बार फिर अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। अब अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत की एंट्री और बदले हुए किरदार को लेकर भी दर्शकों की नजर फिल्म पर बनी हुई है।फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने की बात कही गई है। अब देखना होगा कि ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी दर्शकों के सामने कहानी को किस नए मोड़ के साथ पेश करती है

