एक्टर मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन, वीडियो में जाने जुमे की नमाज के बाद सुपुर्द-ए-खाक; सनी देओल-अनुपम खेर ने जताया दुख
‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले अभिनेता मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार शाम करीब 7 बजे अंतिम सांस ली। बताया गया कि वे लंबे समय से फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सनी देओल, अनुपम खेर समेत कई कलाकारों ने मुश्ताक खान के निधन पर दुख जताया।
जुमे की नमाज के बाद पढ़ी गई जनाजे की नमाज
मुश्ताक खान को शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज के बाद अंतिम विदाई दी गई। जनाजे की नमाज के बाद उनके पार्थिव शरीर को यारी रोड कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।उनके अंतिम संस्कार में परिवार, करीबी दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
पांच साल पहले हुआ था कैंसर
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम के मुताबिक, अभिनेता को करीब पांच साल पहले कैंसर के बारे में पता चला था। इलाज के बाद वे ठीक भी हो गए थे और सामान्य जीवन जी रहे थे। हालांकि, करीब आठ दिन पहले उनकी बीमारी दोबारा लौट आई।तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि इस बार बीमारी काफी बढ़ चुकी थी और कैंसर आखिरी स्टेज में था। इलाज के दौरान गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हो गया।
राजपाल यादव बोले- दो घंटे पहले ही हुई थी मुलाकात
मुश्ताक खान के निधन की खबर ने उनके साथ काम कर चुके कलाकारों को भी भावुक कर दिया। अभिनेता राजपाल यादव ने बताया कि निधन से करीब दो घंटे पहले ही उन्होंने मुश्ताक खान से मुलाकात की थी।राजपाल यादव और मुश्ताक खान ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने कॉमेडी और सहायक भूमिकाओं में खूब पसंद किया।
‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ से मिली पहचान
मुश्ताक खान ने हिंदी सिनेमा में लंबे समय तक काम किया। उन्होंने कई फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। ‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी चर्चित फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने याद रखा।अपने लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने कॉमेडी से लेकर गंभीर भूमिकाओं तक कई किरदार निभाए और इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।
फिल्म इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि
मुश्ताक खान के निधन के बाद फिल्म जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शोक व्यक्त किया। सनी देओल और अनुपम खेर समेत कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।मुश्ताक खान के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के बीच शोक का माहौल है। उनके सहकर्मी उन्हें एक अनुभवी अभिनेता और मिलनसार व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।

