बांद्रा कोर्ट में पेश हुई 1000 पन्नों की चार्जशीट, जानिए Saif Ali Khan केस में क्या-क्या मिले सबूत?
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान मामले में मुंबई पुलिस ने बांद्रा कोर्ट में 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इस आरोप पत्र में गिरफ्तार आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद के खिलाफ कई सबूत शामिल किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने चार्जशीट में फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट को भी शामिल किया है। आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में 16 जनवरी को सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में एक घुसपैठिया घुस गया था। उसने सैफ अली खान पर हमला किया जिसमें अभिनेता घायल हो गए। आइए जानते हैं चार्जशीट में क्या सबूत मिले हैं?
आरोप पत्र में क्या साक्ष्य मिले?
टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस द्वारा बांद्रा कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में कहा गया है कि क्राइम सीन पर सैफ अली खान के शरीर पर मिला चाकू का टुकड़ा और आरोपी के शरीर पर मिले चाकू के टुकड़े एक ही चाकू के तीन टुकड़े हैं। इसके अलावा आरोप पत्र में आरोपी के बाएं हाथ की फिंगरप्रिंट रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है।
जनवरी में अभिनेता पर हुआ था हमला
बता दें कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सुबह हमला हुआ था। यह हमला उस वक्त हुआ जब सैफ अली खान ने अपने बेटे जेह की नैनी की चीखें सुनीं। जिसके बाद अभिनेता ने हस्तक्षेप कर इस घुसपैठ को रोका। झगड़े के दौरान हमलावर ने सैफ अली खान पर कथित तौर पर हमला किया। सैफ अली खान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी लंबी सर्जरी हुई। इतना ही नहीं, एक्टर कुछ समय के लिए अस्पताल में भर्ती भी रहे थे।
शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया
सैफ अली खान पर हमले के बाद पुलिस ने शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार कर लिया था। तब से वह जेल में है। हाल ही में मुंबई सेशंस कोर्ट में उनकी जमानत याचिका दायर की गई थी। इस याचिका में शरीफुल इस्लाम ने दावा किया था कि उनके खिलाफ दर्ज मामला झूठा है। वकील अजय गवली ने याचिका में कहा था कि शरीफुल इस्लाम के खिलाफ दर्ज एफआईआर स्पष्ट रूप से झूठी है। इसलिए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए।