Samachar Nama
×

NEET पेपर लीक आंदोलन को बॉलीवुड का समर्थन, वीडियो में करीना कपूर बोलीं- युवाओं की आवाज सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज है

NEET पेपर लीक आंदोलन को बॉलीवुड का समर्थन, वीडियो में करीना कपूर बोलीं- युवाओं की आवाज सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज है

NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे आंदोलन को अब बॉलीवुड सितारों का समर्थन मिलने लगा है। छात्रों के समर्थन में अब कई फिल्मी हस्तियां खुलकर सामने आ रही हैं। सलमान खान, आलिया भट्ट और अनन्या पांडे के बाद अब करीना कपूर खान, कमल हासन, वरुण धवन, इमरान खान और पीयूष मिश्रा ने भी छात्रों की मांगों को लेकर अपनी आवाज उठाई है।बॉलीवुड कलाकारों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, छात्रों के भरोसे और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चिंता जाहिर की है।

करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर लिखा भावुक नोट

अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए कहा कि वह पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे पर चुप थीं, लेकिन अब अपनी बात रखने से खुद को रोक नहीं सकतीं।करीना ने लिखा कि अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों को भरोसा और उम्मीद देती है, लेकिन यह तभी प्रभावी होती है जब छात्रों को इस व्यवस्था पर विश्वास हो।उन्होंने लिखा, "अगर बच्चों को लगेगा कि ईमानदारी, मेहनत और मेरिट का कोई मतलब नहीं है, तो उनका भरोसा उठ जाएगा।"

'युवाओं की मांग सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज है'

करीना कपूर ने आगे कहा कि छात्रों को ऐसी शिक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिस पर वे भरोसा कर सकें।उन्होंने लिखा, "जब पूरी पीढ़ी अपने भविष्य के लिए एक आवाज में बोलती है, तो उन्हें सुनना अहसान नहीं, हमारा फर्ज है। हमारे बच्चे हमें देख रहे हैं। वे केवल कल की तैयारी नहीं कर रहे हैं, बल्कि वे ही हमारा कल हैं।"

करीना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट तेजी से चर्चा में आ गई।

कमल हासन ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

अभिनेता और राजनेता कमल हासन ने भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने मौजूदा सिस्टम को लेकर कड़ी टिप्पणी करते हुए इसे खराब स्थिति में बताया और कहा कि इसमें बड़े सुधारों की जरूरत है।उन्होंने छात्रों के साथ खड़े होने की बात कही और शिक्षा में पारदर्शिता को जरूरी बताया।

इमरान खान ने मुंबई में किया प्रदर्शन

अभिनेता इमरान खान ने भी छात्रों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वह मुंबई में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन में शामिल हुए और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।इसके अलावा अभिनेता वरुण धवन और पीयूष मिश्रा समेत अन्य कलाकारों ने भी छात्रों के मुद्दों पर चिंता व्यक्त की।

बॉलीवुड से बढ़ता समर्थन

NEET पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली को लेकर देशभर में छात्रों और विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अब बॉलीवुड हस्तियों के समर्थन से यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आ गया है।छात्रों की मांग है कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं सरकार की ओर से भी पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कानून लाने की बात कही जा चुकी है।

Share this story

Tags