काला हिरण' विवाद: सलमान खान के लीगल नोटिस को प्रोड्यूसर अमित जानी ने कैमरे पर फाड़ा, वीडियो में देंखे लगाए गंभीर आरोप
फिल्म 'काला हिरण' को लेकर चल रहे विवाद के बीच निर्माता अमित जानी ने अभिनेता Salman Khan की ओर से मिले लीगल नोटिस को सार्वजनिक रूप से फाड़ दिया। अमित जानी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी।
वीडियो में अमित जानी ने कहा कि उन्हें लगातार मीडिया और परिचितों के फोन आ रहे हैं कि वह सलमान खान के नोटिस पर क्या कहना चाहते हैं। इसके जवाब में उन्होंने कैमरे के सामने नोटिस फाड़ते हुए अपना विरोध जताया।
अमित जानी ने दावा किया कि पिछले 36 घंटों के दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सलमान खान की फैन फॉलोइंग से जुड़े कुछ लोगों द्वारा उन्हें जान से मारने, मुंबई आने पर हमला करने और सिर कलम करने जैसी धमकियां दी गई हैं।
निर्माता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें डी-कंपनी के नाम से एक संदेश भेजा गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि वह यह नहीं जानते कि यह संदेश असली है या नकली। वीडियो में उन्होंने कहा, "डी-कंपनी के नाम से भी मैसेज आया है कि डी-कंपनी छोड़ेगी नहीं।"
फिलहाल सलमान खान की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर अमित जानी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फिल्म 'काला हिरण' को लेकर विवाद और गहरा गया है। गौरतलब है कि फिल्म 'काला हिरण' की घोषणा के बाद से ही यह परियोजना चर्चा और विवादों में बनी हुई है। अब लीगल नोटिस और सार्वजनिक बयानबाजी के बाद यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है।

