Samachar Nama
×

बिना ट्रेनिंग के संगीत में हासिल की महारत, आजकल कहां हैं ‘फेम गुरुकुल' विजेता काजी तौकीर

मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। साल 2005 भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक यादगार वर्ष माना जाता है। इसी साल प्रसारित हुए रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ ने कई प्रतिभाओं को देशभर में पहचान दिलाई। इनमें सबसे चर्चित नाम काजी तौकीर का था, जिन्होंने अपने अलग अंदाज और दर्शकों के भरपूर समर्थन के दम पर शो का खिताब जीत लिया था।
बिना ट्रेनिंग के संगीत में हासिल की महारत, आजकल कहां हैं ‘फेम गुरुकुल' विजेता काजी तौकीर

मुंबई, 1 जून (आईएएनएस)। साल 2005 भारतीय टेलीविजन के इतिहास में एक यादगार वर्ष माना जाता है। इसी साल प्रसारित हुए रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ ने कई प्रतिभाओं को देशभर में पहचान दिलाई। इनमें सबसे चर्चित नाम काजी तौकीर का था, जिन्होंने अपने अलग अंदाज और दर्शकों के भरपूर समर्थन के दम पर शो का खिताब जीत लिया था।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से ताल्लुक रखने वाले काजी तौकीर का संगीत से जुड़ाव बचपन से था, लेकिन उन्होंने कभी किसी संस्थान से गायन की औपचारिक शिक्षा नहीं ली। इसके बावजूद उनकी आवाज और मंच पर मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा। शो के दौरान कई बार जजों ने उनकी गायकी में कमियां बताईं और उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। हालांकि, दर्शकों का प्यार लगातार उनके साथ बना रहा।

काजी की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण उनका सहज व्यक्तित्व और सादगी भरा अंदाज था। हर बार जब वह एलिमिनेशन के करीब पहुंचते, दर्शकों के वोट उन्हें फिर सुरक्षित कर देते। धीरे-धीरे वह पूरे देश, खासकर कश्मीर के युवाओं के बीच एक बड़े सितारे बन गए। अंत में उन्होंने प्रतियोगिता जीतकर इतिहास रच दिया। उस समय उन्हें ‘कश्मीर का हीरो’ भी कहा जाने लगा था।

शो जीतने के बाद काजी ने अपने संगीत करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने ‘ये पल’ नाम से एक म्यूजिक एल्बम जारी किया, लेकिन यह दर्शकों के बीच अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सका। इसके बाद भी उन्होंने संगीत से नाता नहीं तोड़ा और अलग-अलग मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां देते रहे।

बॉलीवुड में उनकी मौजूदगी सीमित रही। साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म ‘फैंटम’ के लोकप्रिय गीत ‘अफगान जलेबी’ में वह नजर आए। यह उनके करियर का ऐसा मौका था जिसने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया। हालांकि, इसके बाद वह फिल्मी दुनिया में ज्यादा सक्रिय नहीं दिखाई दिए।

काजी तौकीर ज्यादातर समय कश्मीर में बिताते हैं और स्थानीय कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों तथा निजी समारोहों में प्रस्तुति देते हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी वह अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते हैं। उनके वीडियो और गायन की झलकियां अक्सर इंटरनेट पर देखने को मिलती हैं।

हाल के वर्षों में काजी एक बार फिर चर्चा में आए, जब उनकी मुलाकात पुराने साथी और देश के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल अरिजीत सिंह से हुई। दोनों कलाकारों ने साथ समय बिताया और पुरानी यादों को ताजा किया। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। काजी ने अरिजीत की प्रतिभा और सादगी की खुलकर तारीफ भी की।

भले ही काजी तौकीर आज बॉलीवुड की चमक-दमक से दूर हों, लेकिन ‘फेम गुरुकुल’ के विजेता के रूप में उनकी पहचान आज भी बरकरार है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम

Share this story

Tags