बिहार में फिल्म सिटी का होगा निर्माण, 54 शूटिंग के लिए सहमति: सीएम सम्राट चौधरी
पटना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं का बिहार में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों से बिहार में फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का आग्रह किया और कहा कि राज्य में फिल्म सिटी का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के लिए राज्य के दरवाजे खुले हैं। बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक रूप से देश-दुनिया के सामने रखने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सहमति दी है। अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी अक्टूबर से बिहार में फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा जताई है। भोजपुरी के अलावा अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्म निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। सरकार इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने बिहार के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान की रोशनी पहुंची। पाटलिपुत्र भारत की सत्ता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्मों और मनोरंजन के माध्यम से बिहार की सकारात्मक छवि को दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम हो रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक स्थल और सांस्कृतिक विरासत बिहार की बड़ी ताकत हैं। अब कंप्यूटर से क्रिएटर और ऑडियंस से इन्वेस्टर की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बिहार की सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक फलक पर स्थापित करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर काम करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में सड़क, मेट्रो और रैपिड रेल जैसी आधुनिक परिवहन सुविधाओं के विकास पर काम हो रहा है। बेहतर सड़क संपर्क से पटना से गया, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों की यात्रा पहले की तुलना में सुगम हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी पूजा करते हैं, जिसका सुंदर उदाहरण छठ पर्व है। यही विशिष्ट संस्कृति और जीवन-दृष्टि बिहार की पहचान है।
सीएम ने कलाकारों से आग्रह किया कि वे बिहार की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें, संस्कृति को आगे बढ़ाएं और बिहार के ब्रांड एंबेसडर बनें।
कार्यक्रम में विधायक आलोक कुमार सिंह, अभिनेता एवं विधान पार्षद पवन सिंह, विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद संतोष कुमार सिंह, पूर्व सांसद एवं अभिनेता दिनेश लाल यादव, जियो स्टार की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीता लक्ष्मी वी. अय्यर, अभिनेत्री आम्रपाली, काजल राघवानी, पाखी हेगड़े और पत्रकार शुभांकर मिश्रा समेत भोजपुरी मनोरंजन जगत से जुड़े कई कलाकार एवं सितारे मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच

