बिहार में भोजपुरी फिल्मों को मिलेगा बढ़ावा, फिल्म सिटी बनने पर निरहुआ और आम्रपाली ने जताई खुशी
पटना, 25 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि प्रदेश में जल्द ही फिल्म सिटी बनाई जाएगी। इसी को लेकर मंगलवार को भाजपा नेता और लोकप्रिय अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने खुशी जाहिर की।
अभिनेत्री ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी ने बहुत सी ऐसी बातें की हैं, जो फिल्म इंडस्ट्री के पक्ष में है। मैं फिल्मों के गानों की शूटिंग राजगीर की खूबसूरत वादियों में करना चाहती हूं।
दिनेश लाल यादव ने बिहार में भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग और प्रोडक्शन को लेकर सीएम सम्राट चौधरी की घोषणाओं पर अपनी बात रखते हुए कहा, "हम लोग हमेशा से ही चाहते थे कि बिहार में फिल्म सिटी और फिल्म इंस्टीट्यूट जरूर होना चाहिए, जहां पर आसपास के राज्यों के बच्चे फिल्म से जुड़ी तकनीकों को सीख सकें। साथ ही, क्षेत्रीय भाषाओं में अच्छी फिल्में बना सकें।"
अभिनेता का मानना है कि बिहार के लोगों ने जिस तरह से हर क्षेत्र में महारत हासिल की, ठीक वैसे ही मनोरंजन के मामले में भी पीछे न रहें।
उन्होंने कहा, "जिस तरह से हमारे बिहार के लोग बाकी क्षेत्र में बहुत नाम किए हैं, वैसे ही मनोरंजन में भी करें। हमेशा से हम सभी का सपना रहा है कि सभी क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्में बने और अच्छा नाम कमाएं।"
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में फिल्म सिटी बनाने की स्वीकृति दी और यह भी कहा है यहां पर फिल्म सिटी के साथ-साथ फिल्म इंस्टीट्यूट भी बनेगा, जिससे हमारे सपने पूरे हो सके।"
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि बिहार में जल्द ही फिल्म सिटी बनाई जाएगी। इसके लिए कलाकारों को उपयुक्त स्थान चुनने को कहा गया है। सरकार ने अब तक राज्य में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सहमति दी है। राजगीर, बोधगया, पटना और गया जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर शूटिंग को बढ़ावा मिल रहा है।
यहां पर भोजपुरी के साथ-साथ मैथिली, मगही, अंगिका और बज्जिका जैसी स्थानीय भाषाओं में फिल्म निर्माण के लिए सरकार सब्सिडी और आर्थिक सहायता दे रही है।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम

