Bigg Boss 20 Grand Premiere: सलमान की वापसी के साथ शुरू हुआ नया सीजन, जानिए कौन हैं 15 कंटेस्टेंट्स
टीवी के सबसे लंबे और चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस ने अपने 20वें सीजन के साथ एक बार फिर दस्तक दे दी है। 'बिग बॉस 20' की शुरुआत हो चुकी है और इस बार भी शो की कमान सलमान खान के हाथों में है। शो को टीवी पर कलर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।
बिग बॉस के 20 साल पूरे होने के मौके पर सलमान खान ने शो के अब तक के सफर को याद किया और इस दौरान अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी एक मजेदार टिप्पणी कर दी।
सलमान ने बिग बॉस से कही दिल की बात
'बिग बॉस 20' में टीवी एक्ट्रेस कनिका मान पहली कंटेस्टेंट के तौर पर घर में दाखिल हुईं। उनकी एंट्री के बाद सलमान खान ने बिग बॉस से बातचीत की।
बिग बॉस ने सलमान को शो के 20 साल पूरे होने पर बधाई दी। इसके जवाब में सलमान ने कहा कि इन दो दशकों में देश और दुनिया में काफी बदलाव आया है।
इसी बातचीत के दौरान सलमान ने अपनी पर्सनल लाइफ का जिक्र करते हुए कहा कि वह अभी भी सिंगल हैं और बिग बॉस भी सिंगल है। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, "मैं मिंगल नहीं होना चाहता?"
सलमान का यह अंदाज शो के प्रीमियर पर चर्चा का विषय बन गया।
Bigg Boss 20 में कौन-कौन आया?
इस सीजन में कुल 15 कंटेस्टेंट्स बिग बॉस के घर में पहुंचे हैं। इनमें टीवी, फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कई चर्चित नाम शामिल हैं।
बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में कनिका मान के अलावा आसिफ खान, काजी तौकीर, रोहेद खान, लव गिल, आम्रपाली दुबे, ईशा रिखी, मैरी कॉम, अमन गांधी, रीति तिवारी, कुशाल तंवर, माही विज, उदिति सिंह, तन्मय सिंह, अरिशफा खान और हर्ष मचारे के नाम शामिल हैं।
इन अलग-अलग बैकग्राउंड से आए कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाली टक्कर से इस सीजन में मनोरंजन और विवाद दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
सलमान खान के साथ बिग बॉस का 16 साल पुराना रिश्ता
बिग बॉस की शुरुआत साल 2006 में हुई थी। सलमान खान ने शो के चौथे सीजन से होस्ट की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से वह लगातार शो का अहम चेहरा बने हुए हैं।
सलमान को बिग बॉस होस्ट करते हुए अब करीब 16 साल हो चुके हैं। इस दौरान शो के कई सीजन आए और गए, लेकिन सलमान की होस्टिंग बिग बॉस की पहचान का एक बड़ा हिस्सा बन गई।
बॉलीवुड में भी सलमान के 38 साल पूरे
सिर्फ बिग बॉस ही नहीं, सलमान खान के फिल्मी करियर के लिए भी यह साल खास है। बॉलीवुड में बतौर अभिनेता उनके 38 साल पूरे हो चुके हैं।
सलमान ने 1988 में रिलीज हुई फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने सपोर्टिंग रोल निभाया था।
इसके बाद साल 1989 में आई फिल्म 'मैंने प्यार किया' में उन्होंने लीड एक्टर के तौर पर अपनी पहचान बनाई। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई और इसके बाद सलमान खान ने बॉलीवुड में अपनी एक अलग जगह बना ली।
आज सलमान खान न सिर्फ बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय सितारों में गिने जाते हैं, बल्कि बिग बॉस के साथ उनका लंबा जुड़ाव भी शो की सबसे बड़ी पहचान बन चुका है।

