Bigg Boss 20: आम्रपाली दुबे ने खोले निरहुआ की लव लाइफ के राज, घी को लेकर कनिका-अरिश्फा में भिड़ंत
जियोहॉटस्टार और कलर्स के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ताजा एपिसोड में रिश्तों, खाने और नॉमिनेशन को लेकर जमकर हंगामा देखने को मिला। भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने अपनी निजी जिंदगी पर बात करते हुए बताया कि वह लंबे समय से रिलेशनशिप में नहीं हैं और उनका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। बातचीत के दौरान उन्होंने अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ की निजी जिंदगी को लेकर भी टिप्पणी की।
दूसरी ओर, घर में घी को लेकर कनिका मान और अरिश्फा खान के बीच तीखी बहस हुई। इस विवाद में नकुल धुल भी शामिल हो गए। वहीं, एपिसोड के अंत में घर के कैप्टन आसिफ खान को मिली विशेष शक्ति के चलते माही विज को इस सप्ताह के लिए सीधे नॉमिनेट कर दिया गया।
आम्रपाली दुबे ने निरहुआ के रिश्ते पर क्या कहा?
शो के दौरान माही विज ने आम्रपाली दुबे से उनकी लव लाइफ के बारे में सवाल किए। इस पर आम्रपाली ने कहा कि वह काफी समय से किसी रिलेशनशिप में नहीं हैं और उनका कोई बॉयफ्रेंड नहीं है। भोजपुरी इंडस्ट्री में किसी के साथ रिश्ते की संभावना पर चर्चा करते हुए उन्होंने पवन सिंह का नाम भी लिया और उनके तलाक से जुड़ी टिप्पणी की।
इसके बाद माही ने निरहुआ के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल किया। आम्रपाली ने बताया कि निरहुआ शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी बड़े हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि निरहुआ की अरेंज मैरिज हुई थी। जब माही ने पूछा कि क्या निरहुआ की कभी गर्लफ्रेंड रही है, तो आम्रपाली ने कहा कि हो सकती है, लेकिन उन्होंने अपनी पत्नी को कभी नहीं छोड़ा। इस बातचीत ने शो के दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना दिया।
यंग को लेकर नकुल धुल ने कसा तंज
एपिसोड में नकुल धुल घर के दूसरे सदस्यों के बारे में अपनी राय रखते नजर आए। गार्डन एरिया में माही विज के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कंटेस्टेंट्स के बारे में चर्चा की। जब माही ने रैपर के बारे में पूछा और यंग का नाम लिया, तो नकुल ने तंज कसते हुए उन्हें ‘लिफाफे वाला रैपर’ कह दिया।
घी को लेकर कनिका मान और अरिश्फा खान में बहस
घर में खाने को लेकर भी विवाद देखने को मिला। कनिका मान ने घी मांगा तो अरिश्फा खान नाराज हो गईं। दोनों के बीच बहस बढ़ने लगी। इसी दौरान नकुल धुल ने अरिश्फा का पक्ष लेते हुए घी इस्तेमाल करने की बात कही।
इसके बाद कनिका और नकुल के बीच भी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। नकुल ने चुनौती देते हुए कहा कि अगले दिन इसी घी से दाल फ्राई बनेगी। कनिका ने भी जवाब दिया कि अगर वह आज नहीं खाएंगी, तो कोई और भी नहीं खाएगा। हालांकि, बाद में दोनों ने बैठकर बातचीत की और अपनी गलतफहमियां दूर करने की कोशिश की। नकुल ने खाने को लेकर हुई इस लड़ाई को छोटी सोच से जुड़ा विवाद बताया।
आसिफ खान ने माही विज को किया नॉमिनेट
एपिसोड के आखिर में बिग बॉस ने घरवालों की बैठक बुलाई, जिसका अंदाज पंचायत जैसा था। घर के कैप्टन आसिफ खान को विशेष अधिकार दिया गया, जिसके तहत वह इस सप्ताह किसी एक सदस्य को सीधे नॉमिनेट कर सकते थे।
इस अधिकार का इस्तेमाल करते हुए आसिफ ने माही विज को नॉमिनेट कर दिया। इसके साथ ही माही की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में घर के समीकरण किस तरह बदलते हैं और इस नॉमिनेशन का बाकी कंटेस्टेंट्स की रणनीति पर क्या असर पड़ता है।

