83 की उम्र में बिग बी का छलका दर्द! अमिताभ बच्चन बोले- जिंदगी में रह गई यह एक बड़ी कसक
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी दमदार अदाकारी और शानदार आवाज के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। हालांकि, अभिनेता के मन में एक ऐसी इच्छा भी है, जिसे वह आज तक पूरा नहीं कर पाए हैं। अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्हें हमेशा से संगीत सीखने और वाद्य यंत्र बजाने का शौक था, लेकिन वह इस कला को सीख नहीं सके। इस बात का उन्हें आज भी अफसोस है।अमिताभ बच्चन ने यह खुलासा क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के आगामी एपिसोड में किया। शो के दौरान उनकी कंटेस्टेंट कृतज्ञा नैयर से बातचीत हुई। कृतज्ञा ने बच्चन से पॉपुलर गेम 'दिस और दैट' खेलने की रिक्वेस्ट की।
कृतज्ञा ने बताया कि वह कंटेंट क्रिएटर हैं और अमिताभ बच्चन के साथ गेम खेलकर एक रील बनाना चाहती हैं। इसके बाद उन्होंने अमिताभ बच्चन से पूछा कि क्या वह अपने अतीत के किसी एक दिन को दोबारा जीना पसंद करेंगे या फिर ऐसा कोई दिन जीना चाहेंगे, जिसे उन्होंने अब तक नहीं जिया लेकिन हमेशा से जीने की इच्छा रही हो।
संगीत सीखना चाहते थे अमिताभ बच्चन
इस सवाल के जवाब में अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी जिंदगी में इतनी घटनाएं हुई हैं कि यह तय करना मुश्किल है कि वह कौन सा दिन दोबारा जीना चाहेंगे। इसके बाद उन्होंने अपनी उस इच्छा के बारे में बताया, जो अब तक अधूरी है।
अमिताभ बच्चन ने कहा कि उन्हें संगीत सीखने की बहुत इच्छा थी, लेकिन वह इसे सीख नहीं पाए। उन्होंने संगीतकारों और गीतकारों की तारीफ करते हुए कहा कि जब वह उन्हें सुनते हैं तो मन में सवाल आता है कि वे इतना अच्छा कैसे गाते और संगीत बनाते हैं, जबकि उन्होंने खुद कभी संगीत नहीं सीखा।
घर में रखे हैं संगीत के कई वाद्य यंत्र
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उन्होंने घर में संगीत सीखने के लिए कई वाद्य यंत्र इकट्ठा करके रखे हुए हैं। हालांकि, इन यंत्रों का इस्तेमाल सीखने के बजाय वह उनके ऊपर फूलों की माला चढ़ाते हैं और सोचते हैं कि कभी न कभी संगीत सीखेंगे।अभिनेता ने कहा कि अब उनकी उम्र 84 साल हो चुकी है, लेकिन वह अभी तक संगीत नहीं सीख पाए हैं। उन्होंने इस बात को लेकर अपना दुख भी जाहिर किया। अमिताभ की यह बात सुनकर कंटेस्टेंट और शो में मौजूद लोग भी उनकी इस अधूरी इच्छा से जुड़ते नजर आए।

