भगवान शिव की भक्ति में लीन हुईं ईशा कोप्पिकर, घर पर रुद्राभिषेक कर मांगा सुख-शांति का आशीर्वाद
मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी सोशल मीडिया पोस्ट और निजी विचारों को लेकर चर्चा में रहती हैं। इस बार ईशा ने अपने घर पर भगवान शिव की पूजा करते हुए कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। उन्होंने घर पर रुद्राभिषेक किया और इस पूजा को अपने लिए भक्ति, शांति और आभार से भरा खास पल बताया। उनकी पोस्ट में पूजा के दौरान की गई धार्मिक रस्मों की झलक देखने को मिली।
ईशा कोप्पिकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पूजा के अलग-अलग पलों की वीडियो पोस्ट की। इसके अलावा, कुछ तस्वीरें भी शेयर की। एक तस्वीर में वह हाथ जोड़कर भगवान शिव के सामने बैठी हुई दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा, वीडियो में पूजा की दूसरी रस्मों की झलक भी देखने को मिल रही है, जिनमें रुद्राभिषेक की वीडियो भी शामिल है।
एक वीडियो में वह भगवान शिव को बेलपत्र चढ़ाती दिख रही है। अन्य वीडियो में पूजा के इस्तेमाल होने वाली सामग्री, भोग की थाली, फल आदि की झलक देखने को मिल रही है। इसके अलावा, एक वीडियो में उनके परिवार के सदस्य आरती करते भी दिख रहे है।
ईशा ने इस पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, ''हर हर महादेव! घर पर किया गया यह पवित्र रुद्राभिषेक मेरे लिए भक्ति, शांति और आभार से भरा एक खास पल है। मैंने भगवान शिव से अपने घर के लिए सकारात्मक ऊर्जा, शक्ति, समृद्धि और मन की शांति की प्रार्थना की।''
अपने कैप्शन के आखिर में उन्होंने 'ॐ नमः शिवाय' लिखा। इसके साथ उन्होंने पोस्ट में रुद्राभिषेक, हर-हर महादेव, महादेव और शिवभक्ति जैसे हैशटैग भी लगाए।
ईशा पिछले कुछ समय से अपनी आध्यात्मिक सोच को लेकर भी खुलकर बात करती रही हैं। हाल ही में उन्होंने खुद को 'अंधभक्त' कहे जाने को लेकर भी अपनी राय रखी थी। उन्होंने एक वीडियो साझा कर कहा था कि अगर भारत से प्यार करना, देश पर विश्वास रखना और उसकी तरक्की की इच्छा करना अंधभक्ति है, तो मुझे इस नाम से पुकारे जाने में कोई परेशानी नहीं है।
ईशा ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा था, "अगर भारत से प्यार करना 'अंधभक्ति' है, तो मैं इस पहचान को गर्व से अपनाती हूं। मुझे जो गलत लगता है, उस पर सवाल उठाती हूं और जो सही लगता है, उसकी तारीफ भी करती हूं। मेरे लिए मेरा देश सबसे ऊपर रहेगा।"
--आईएएनएस
पीके/एएस

