बालाजी मोहन की पहली हिंदी फिल्म में दिखेगा यामी गौतम का जलवा
मुंबई, 24 मार्च (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के मशहूर निर्देशक बालाजी मोहन अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'नई नवेली' से हिंदी सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं। इसमें अभिनेत्री यामी गौतम मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
निर्देशक ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस बात की खुशी जाहिर की। उन्होंने टीम की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, "मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि मैं फिल्म 'नई नवेली' के जरिए डायरेक्टर के तौर पर हिंदी में डेब्यू करने जा रहा हूं। इस फिल्म में मुझे आनंद एल राय सर और हिमांशु सर के साथ काम करने का मौका मिला है, और इसमें यामी गौतम मुख्य भूमिका में हैं। जल्द ही सिनेमाघरों में मिलते हैं।"
फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन और प्रोड्यूस आनंद एल राय कर रहे हैं। यह फिल्म भारतीय पौराणिक कहानियों और लोककथाओं का मजेदार मिश्रण होगी। इसमें यामी गौतम अलग लुक में नजर आएंगी।
फिल्म की कहानी दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जिन्होंने 'सितारे जमीन पर', 'लापता लेडीज' और 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' जैसे बेहतरीन प्रोजेक्ट पर काम किया है। वह आनंद एल राय के साथ अपनी दूसरी फिल्म 'नई नवेली' कर रही हैं।
फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है और अभी इसका प्री-प्रोडक्शन चल रहा है। हालांकि, रिलीज डेट की खास जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन थिएटर रिलीज के बाद यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर भी आएगी, जिसकी जानकारी 2026 के प्राइम वीडियो स्लेट में किया गया था।
फिल्म की कहानी मेरठ के एक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें एक नई नवेली बहू घर को स्वर्ग जैसा बना देती है, लेकिन धीरे-धीरे उसके भाई को शक होता है कि सब कुछ वैसा नहीं है जैसा दिखता है। क्या यह बहू असल में कोई बाहरी शक्तियों वाली बुरी ताकत है? परिवार इस बहू से बच पाएगा या नहीं?, इन्हीं सवालों के जवाब फिल्म में मिलेंगे।
फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं को हास्य के साथ जोड़ती है, जो दर्शकों को हंसाएगी और डराएगी भी।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम

