'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही छाया सोशल मीडिया पर, वीडियो में देंखे यश के रावण और साई पल्लवी की सीता ने जीता दर्शकों का दिल
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' के पहले पार्ट का ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया। मेकर्स ने इसे 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त, सुबह 4:15 बजे दुनिया भर में लॉन्च किया। ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। कई दर्शकों ने इसकी भव्यता, विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के लुक की जमकर तारीफ की, जबकि कुछ लोगों ने अपनी अलग राय भी रखी। फिल्म का ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कई भाषाओं में एक साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जारी किया गया, ताकि देशभर के दर्शक इसे अपनी भाषा में देख सकें।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। बड़ी संख्या में यूजर्स ने फिल्म की प्रस्तुति और इसके भव्य पैमाने की सराहना की।एक यूजर ने लिखा, "यह सिर्फ एक ट्रेलर नहीं, बल्कि पीढ़ियों से जुड़ी एक भावना है।" वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "कुछ फिल्में सिर्फ देखी जाती हैं, लेकिन रामायण महसूस की जाती है।"हालांकि, कुछ दर्शकों ने ट्रेलर के कुछ पहलुओं पर सवाल भी उठाए, जिससे सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर मिली-जुली चर्चा देखने को मिली।
यश के रावण की खूब हो रही तारीफ
ट्रेलर में यश के रावण अवतार ने दर्शकों का खास ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ करते हुए लिखा कि रावण के किरदार के लिए उनकी कास्टिंग बेहद प्रभावशाली है।एक यूजर ने लिखा, "रावण के रोल में यश की कास्टिंग शानदार है।" वहीं कई प्रशंसकों ने उनके दमदार अंदाज को फिल्म की बड़ी ताकत बताया।
साई पल्लवी के सीता रूप ने जीता दिल
फिल्म में साई पल्लवी के सीता स्वरूप को भी दर्शकों ने काफी पसंद किया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनके सादगीपूर्ण और दिव्य लुक की सराहना की।एक प्रशंसक ने लिखा, "मां सीता के रूप में साई पल्लवी बेहद दिव्य और प्रभावशाली लग रही हैं।" वहीं कई लोगों ने उनके अभिनय को लेकर भी उम्मीदें जताई हैं।
भव्य प्रस्तुति ने बढ़ाई उत्सुकता
ट्रेलर में फिल्म के भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स, सिनेमैटोग्राफी और पौराणिक कथा की प्रस्तुति ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।ट्रेलर के रिलीज के साथ ही 'रामायण' एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है। अब दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर टिकी है, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि यह भव्य प्रस्तुति बॉक्स ऑफिस और दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है।

