Arbaaz Khan Daughter Birthday: सिपारा के पहले जन्मदिन पर दिखी खान फैमिली की बॉन्डिंग, नाना सलीम खान भी हुए शामिल
अरबाज खान और शूरा खान की बेटी सिपारा खान का पहला जन्मदिन सोमवार को मुंबई में धूमधाम से मनाया गया। इस खास मौके पर पूरा खान परिवार अरबाज के घर पहुंचा। बर्थडे सेलिब्रेशन में सलमान खान, सलीम खान, सोहेल खान समेत परिवार के कई सदस्य नजर आए।पार्टी से सामने आए वीडियो में सलीम खान अपनी पत्नी सलमा खान के साथ कार से अरबाज के घर पहुंचते दिखाई दिए। कुछ समय बाद वह सोहेल खान के साथ घर से बाहर निकले। सोहेल अपने पिता को कार तक ले जाते नजर आए। इस दौरान हेलेन भी उनके साथ थीं।
लंबे समय बाद पब्लिकली नजर आए सलीम खान
सलीम खान के इस तरह सार्वजनिक रूप से नजर आने पर भी लोगों का ध्यान गया। इस साल की शुरुआत में उनकी तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं। मार्च 2026 में उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था।इसके बाद ईद के मौके पर भी सलीम खान परिवार के साथ नजर आए थे। अब कई महीनों बाद अरबाज की बेटी के जन्मदिन के मौके पर उन्हें परिवार के साथ देखा गया।
सलमान खान भी बर्थडे पार्टी में पहुंचे
सिपारा के पहले जन्मदिन के जश्न में सलमान खान भी शामिल हुए। सलमान इस दौरान ब्लैक फुल-स्लीव टी-शर्ट, ब्लू डेनिम और काला चश्मा पहने नजर आए।घर से निकलते वक्त उन्होंने पैपराजी के लिए कुछ देर पोज भी दिया और फिर कार में बैठकर रवाना हो गए।इसके अलावा सलमान की बहन अर्पिता खान शर्मा अपनी बेटी आयत के साथ पार्टी में पहुंचीं। अरबाज के बड़े बेटे अरहान खान और परिवार के कई अन्य सदस्य भी सेलिब्रेशन का हिस्सा बने।सोहेल खान भी अपने छोटे बेटे योहान के साथ नजर आए। सलमान के जीजा और फिल्ममेकर अतुल अग्निहोत्री भी सिपारा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।
हेलेन के साथ दिखे अरहान
पार्टी के बाद सोहेल खान हेलेन को कार तक छोड़ने आए। इसी दौरान अरबाज के बेटे अरहान खान ने हेलेन के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यह पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा।
2023 में हुई थी अरबाज और शूरा की शादी
अरबाज खान और शूरा खान ने 24 दिसंबर 2023 को शादी की थी। दोनों ने मुंबई में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में निजी समारोह में शादी की थी।शादी के करीब दो साल बाद 5 अक्टूबर 2025 को दोनों की बेटी का जन्म हुआ। बाद में कपल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी बेटी का नाम सिपारा खान बताया।
बेटी का चेहरा अब तक रखा है प्राइवेट
अरबाज और शूरा ने अब तक बेटी सिपारा की ऐसी पूरी तस्वीर सार्वजनिक नहीं की है, जिसमें उसका चेहरा साफ दिखाई दे। हालांकि, दोनों समय-समय पर सोशल मीडिया पर बेटी की छोटी-छोटी झलकियां शेयर करते रहे हैं।नवंबर 2025 में कपल ने सिपारा के हाथ और पैरों की तस्वीरें साझा की थीं। इसके बाद मार्च 2026 में ईद के मौके पर शूरा ने बेटी की एक और झलक दिखाई थी। उस तस्वीर में सिपारा सफेद कपड़ों और चांदी की पायल में नजर आई थी, लेकिन उसका चेहरा कैमरे से छिपाकर रखा गया था।
अरहान हैं अरबाज और मलाइका के बेटे
सिपारा खान अरबाज और शूरा की पहली संतान हैं। इससे पहले अरबाज खान अपने बेटे अरहान खान के पिता हैं। अरहान, अरबाज और उनकी पूर्व पत्नी मलाइका अरोड़ा के बेटे हैं।अरबाज और मलाइका की शादी करीब 19 साल चली थी। दोनों 2017 में अलग हुए और बाद में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद भी दोनों अपने बेटे अरहान की परवरिश को लेकर साथ नजर आते रहे हैं।फिलहाल सिपारा के पहले जन्मदिन की तस्वीरों और वीडियो में खान परिवार का एक साथ नजर आना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। खास तौर पर सलीम खान, सलमान खान और परिवार के बाकी सदस्यों की मौजूदगी ने इस सेलिब्रेशन को खास बना दिया।

