'रामायण' के लिए एआर रहमान ने ठुकराईं 12 फिल्मों की पेशकश, तीन साल तक तैयार किया शानदार म्यूजिक
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' अपने भव्य स्तर और स्टार कास्ट के साथ-साथ संगीत को लेकर भी लगातार चर्चा में है। फिल्म के साउंडट्रैक की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर को सौंपी गई है। अब एआर रहमान ने खुलासा किया है कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर पूरी तरह ध्यान देने के लिए उन्होंने करीब 10 से 12 फिल्मों में काम करने के ऑफर ठुकरा दिए थे।
रहमान के मुताबिक, उन्होंने रणबीर कपूर स्टारर इस फिल्म के संगीत पर लगभग तीन साल तक काम किया। इस दौरान गानों और थीम के कई अलग-अलग संस्करण तैयार किए गए। टीम ने हर रचना पर बारीकी से काम किया, जिसके बाद अंतिम संस्करण को मंजूरी मिली।
'रावण तांडव' के बनाए गए 12-13 वर्जन
एआर रहमान ने रविवार को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में फिल्म 'रामायण' के संगीत से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से फिल्म के म्यूजिक, थीम और अन्य संगीत रचनाओं पर काम चल रहा है।
रहमान ने कहा कि कुछ गानों के 12 से 13 तक अलग-अलग वर्जन तैयार किए गए। इनमें 'रावण तांडव' भी शामिल है। आखिरकार टीम ने ऐसा संस्करण चुना, जिसे सभी की सहमति मिली। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म के संगीत को तैयार करने में कितनी मेहनत और समय लगाया गया है।
बड़े फिल्ममेकर्स के प्रोजेक्ट्स को किया मना
रहमान ने बताया कि 'रामायण' के संगीत पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्होंने करीब 10-12 फिल्मों के ऑफर छोड़ दिए। उन्होंने कई बड़े और अहम फिल्म निर्माताओं के साथ काम करने से भी इनकार किया।
संगीतकार के अनुसार, वह किसी प्रोजेक्ट को तभी स्वीकार करते हैं, जब उसमें उनकी वास्तविक रुचि हो और काम करते हुए उन्हें आनंद मिले। उन्होंने कहा कि 'रामायण' का सफर उनके लिए बेहद खूबसूरत रहा और इस प्रोजेक्ट पर काम करने से उनकी कलात्मक समझ को भी नया अनुभव मिला। साथ ही, उनकी पूरी टीम इस काम को लेकर उत्साहित रही।
'रामायण' के म्यूजिक में शामिल हैं ये गाने
फिल्म 'रामायण पार्ट 1' के साउंडट्रैक में कई खास गाने शामिल किए गए हैं। इनमें 'जय जय राम' प्रमुख है, जिसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। वहीं, 'रावण तांडव' में विशाल ददलानी की आवाज सुनाई देती है।
इसके अलावा 'सीताज एस्पिरेशन' भी एल्बम का हिस्सा है, जिसे एआर अमीन, वैशाली सामंत, रक्षिता सुरेश और अंतरा नंदी ने गाया है। इन गानों के बोल कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं। एल्बम में 'जय जय राम' का ऑर्केस्ट्रल वर्जन और 'रामा थीम' भी शामिल है, जिसे एआर रहमान और हंस जिमर ने मिलकर कंपोज किया है।
फिल्म के संगीत को तैयार करने में रहमान और जिमर की साझेदारी को एक खास पहल के तौर पर देखा जा रहा है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि फिल्म का संगीत रिलीज के बाद किस तरह की प्रतिक्रिया हासिल करता है।

