एल्विश यादव के घी ब्रांड का नाम न लेने पर ट्रोल हुए अली गोनी, बोले- 'मैं तो सिर्फ घी की तारीफ कर रहा था'
टीवी अभिनेता अली गोनी ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है। हाल ही में एक वीडियो में उन्होंने घी की तारीफ की थी, लेकिन एल्विश यादव के घी ब्रांड का नाम नहीं लिया। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस मुद्दे को धर्म से जोड़ते हुए उनकी आलोचना की। अब अली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर वीडियो साझा कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में अली गोनी ने एक वीडियो में एक घी की गुणवत्ता की तारीफ की थी। हालांकि, उन्होंने उस दौरान ब्रांड का नाम नहीं लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए कि उन्होंने जानबूझकर एल्विश यादव के घी ब्रांड 'नमो नारायण' का नाम नहीं लिया।
कुछ लोगों ने इस मुद्दे को धर्म से जोड़ते हुए भी प्रतिक्रियाएं दीं।
अली गोनी ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद अली गोनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया और कहा कि उनका किसी तरह का गलत इरादा नहीं था।
वीडियो में उन्होंने कहा,
"नमो नारायण... नमो नारायण। आप लोगों को कुछ नया नहीं मिला बात बनाने का, तो आप लोगों ने ये बना दिया। मैं तो बस घी की तारीफ कर रहा था। मैंने तो इतना सोचा भी नहीं था कि आप लोग नाम को लेकर इतना बड़ा मुद्दा बना देंगे। यह बहुत फनी है।"
वीडियो में अली ने स्पष्ट रूप से 'नमो नारायण' ब्रांड का नाम भी लिया।
सोशल मीडिया पर जारी बहस
अली गोनी के इस स्पष्टीकरण के बाद भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा जारी है। कुछ यूजर्स ने उनकी सफाई का समर्थन किया, जबकि कुछ ने अपनी आलोचना बरकरार रखी।
फिलहाल इस पूरे विवाद पर एल्विश यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है

