कांस में गाला डिनर में आलिया पहुंचीं, हाथ में भगवद गीता, पर्स पर लिखा हरे राम, वायरल हो रहा वीडियो
दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 में भारतीय सितारों का ग्लैमर और सांस्कृतिक रंग लगातार चर्चा में बना हुआ है। बॉलीवुड अभिनेत्री Alia Bhatt और सिंगर-इन्फ्लुएंसर Aarti Khetarpal ने अपने अलग-अलग अंदाज से रेड कार्पेट पर खास पहचान बनाई।
कांस में आयोजित लोरियल पेरिस गाला डिनर के दौरान आलिया भट्ट फ्लोरल ब्रोकेड आउटफिट में नजर आईं। उनके एलिगेंट और क्लासिक लुक ने फैशन प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इससे पहले बुधवार शाम को भी आलिया ने रेड कार्पेट पर अपने ग्लैमरस अंदाज से सुर्खियां बटोरी थीं।
फिल्म A Woman’s Life के प्रीमियर के दौरान आलिया आइस ब्लू गाउन में दिखाई दीं। उनके इस लुक को सोशल मीडिया पर ‘सिंड्रेला अवतार’ कहा जा रहा है। रेड कार्पेट पर उनका स्टाइल, कॉन्फिडेंस और रॉयल अपीयरेंस फैशन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं दूसरी ओर सिंगर और इन्फ्लुएंसर आरती खेत्रपाल ने कांस में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की झलक पेश कर अलग पहचान बनाई। गुरुवार को उनका सनातन धर्म थीम आधारित लुक सामने आया, जिसमें वह हाथ में भगवद गीता और ‘हरे राम’ लिखे विशेष डिजाइन वाले पर्स के साथ रेड कार्पेट पर नजर आईं।
आरती के इस अनोखे अंदाज ने सोशल मीडिया पर बहस और चर्चा दोनों को जन्म दिया है। कई लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास बताया, जबकि फैशन जगत में भी उनके इस थीम आधारित प्रस्तुतीकरण को लेकर काफी चर्चा हो रही है।
कांस फिल्म फेस्टिवल हर साल दुनियाभर के कलाकारों और फैशन आइकन्स के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। इस बार भारतीय सितारों की मौजूदगी और उनके विविध अंदाज ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की सांस्कृतिक और फैशन पहचान को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

