Samachar Nama
×

Akshay kumar ने चुराई अमिताभ बच्चन की चीज़, KBC के सेट पर बिग बी ने बताया रिएक्शन

Akshay kumar ने चुराई अमिताभ बच्चन की चीज़, KBC के सेट पर बिग बी ने बताया रिएक्शन

अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'हैवान' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान भी नजर आएंगे। दोनों कलाकार इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में अक्षय कुमार और सैफ अली खान हाल ही में लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के सेट पर पहुंचे, जहां उन्होंने अमिताभ बच्चन के साथ कई मजेदार बातें शेयर कीं।

शो के दौरान अक्षय कुमार ने बिग बी के साथ अपनी पहली मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। अक्षय ने बताया कि जब वह बचपन में अमिताभ बच्चन से पहली बार मिले थे, तब उनका ध्यान महानायक से ज्यादा उनके हाथ में मौजूद अंगूरों पर था।

बचपन में अमिताभ बच्चन से मिले थे अक्षय

अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन को याद करते हुए बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ फिल्म 'बेमिसाल' की शूटिंग देखने पहुंचे थे। उस समय उनके पिता अमिताभ बच्चन के बहुत बड़े प्रशंसक थे।

अक्षय ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें अमिताभ बच्चन से ऑटोग्राफ लेने के लिए भेजा था। वह कागज का एक टुकड़ा लेकर बिग बी के पास पहुंचे, लेकिन उस वक्त उनकी नजर अमिताभ बच्चन के पास रखे अंगूरों पर टिक गई।

अक्षय ने मजाकिया अंदाज में बताया कि अमिताभ बच्चन जब उनके कागज पर ऑटोग्राफ दे रहे थे, तभी उन्होंने चुपके से अंगूरों का एक छोटा-सा गुच्छा उठा लिया। हालांकि, अमिताभ बच्चन की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने अक्षय को जाते हुए देख लिया।

इसके बाद बिग बी ने उन्हें वापस बुलाया। अक्षय के मुताबिक, वहां अंगूरों का एक और बड़ा गुच्छा रखा था। अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा कि इसे भी ले जाओ। अक्षय का यह किस्सा सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

'हैवान' में साइकोपैथ का किरदार निभा रहे हैं अक्षय

फिल्म 'हैवान' में अक्षय कुमार एक नेगेटिव किरदार में नजर आएंगे, जबकि सैफ अली खान फिल्म में हीरो की भूमिका निभा रहे हैं। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अक्षय ने बताया कि वह फिल्म में एक साइकोपैथ का रोल निभा रहे हैं।

अक्षय के मुताबिक, उनके किरदार के पीछे एक पूरी कहानी है कि आखिर वह ऐसा कैसे बनता है और किन परिस्थितियों से गुजरता है। उन्होंने बताया कि पुलिस में उनके कुछ दोस्त हैं, जिनसे साइकोपैथ अपराधियों को लेकर उन्हें काफी जानकारी मिली।

अक्षय ने कहा कि फिल्मों में अक्सर साइकोपैथ किरदारों को अजीब तरह से पेश किया जाता है, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा जरूरी नहीं है। ऐसे लोग आम लोगों की तरह ही घुल-मिलकर रह सकते हैं और उनके व्यवहार से आसानी से अंदाजा नहीं लगाया जा सकता कि उनके दिमाग में क्या चल रहा है।

प्रियदर्शन ने भी दी थी किरदार को लेकर सलाह

अक्षय ने बताया कि निर्देशक प्रियदर्शन ने भी उन्हें किरदार निभाते समय ज्यादा एक्सप्रेशन या अजीब चेहरे बनाने से बचने की सलाह दी थी। इसी वजह से फिल्म में उनका किरदार काफी शांत और सामान्य नजर आएगा।

अक्षय ने बताया कि जहां सैफ अली खान का किरदार ज्यादा बात करता दिखाई देगा, वहीं उनका किरदार लोगों के बीच बिल्कुल सामान्य तरीके से घुलता-मिलता नजर आएगा। अभिनेता के मुताबिक, इसी अंदाज में उन्होंने अपने साइकोपैथ किरदार को तैयार किया है।

'हैवान' किस फिल्म का रीमेक है?

बता दें कि 'हैवान' का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। यह फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। ऐसे में अक्षय और सैफ की इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।

Share this story

Tags