अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर विक्रांत मैसी बोले, असली हुनर को किसी पीआर कैंपेन की जरूर नहीं
मुंबई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता विक्रांत मैसी ने भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अजिंक्य के प्रतिभा की जमकर सराहना की।
शुक्रवार को अभिनेता विक्रांत मैसी ने इंस्टाग्राम के जरिए अजिंक्य के लिए भावुक नोट लिखा। उन्होंने लिखा कि अजिंक्य को असली काबिलियत को साबित करने के लिए किसी पीआर कैंपेन की जरूरत नहीं।
उन्होंने लिखा, "कुछ खिलाड़ी अपने पीछे रिकॉर्ड छोड़ जाते हैं, दूसरे अपने स्टैंडर्ड। अजिंक्य रहाणे, आप खुद से पहले टीम के लिए खेले, जीत को विनम्रता से स्वीकार किया और हार को शांत गरिमा के साथ लिया और हमें याद दिलाया कि चरित्र भी प्रतिभा जितनी प्रेरणादायक हो सकता है।"
अभिनेता विक्रांत मैसी ने अजिंक्य रहाणे को राहुल द्रविड़ के उत्तराधिकारी बताते हुए लिखा, "आप राहुल द्रविड़ के सच्चे उत्तराधिकारी रहे हो। दुनिया के लिए यही काफी है कि वो आपकी ऋणी है। एक ऐसे दौर में जहां दिखावे को अक्सर काबिलियत समझ लिया जाता है, तुमने साबित किया कि असली टैलेंट को पीआर कैंपेन की जरूरत नहीं होती। खेल के प्रति तुम्हारी निस्वार्थ सेवा, जज्बा और जुनून आने वाली पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। इंडियन क्रिकेट तुम जैसे खिलाड़ी के रंग पहनने से और अमीर हो गया है। धन्यवाद, जिंक्स।"
अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। वह भारतीय क्रिकेट के एक बेहद शांत, अनुशासित और अनुभवी बल्लेबाज रहे हैं। अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले।
वर्ष 2020-21 के ऐतिहासिक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विराट कोहली की अनुपस्थिति में शानदार कप्तानी करते हुए भारत को गाबा में ऐतिहासिक सीरीज जिताई। उनकी कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया और वह भारत के सबसे भरोसेमंद कप्तानों में गिने गए।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी

