Samachar Nama
×

'यह निजता का उल्लंघन', एआई से बनाई गई फर्जी तस्वीरों पर भड़कीं रुक्मिणी वसंत

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल ने जहां लोगों के काम को आसान बनाया है, वहीं इसके गलत इस्तेमाल को लेकर लगातार सवाल भी उठ रहे हैं। पिछले कुछ समय में कई फिल्मी सितारों की फर्जी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुए हैं, जिनमें एआई की मदद से उनके चेहरे और तस्वीरों को बदला गया।

अब इसी तरह का मामला अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत को लेकर सामने आया है। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अपनी कथित तस्वीरों को पूरी तरह नकली बताया और इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रुक्मिणी ने कहा कि उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर एआई की मदद से फर्जी तस्वीरें बनाई गई हैं, जो गैरजिम्मेदाराना हरकत है।

रुक्मिणी वसंत ने इंस्टाग्राम पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए इस पूरे मामले पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''मेरी टीम और मैंने इंटरनेट पर कुछ ऐसी तस्वीरें देखी हैं, जिन्हें मेरे नाम से और मेरे चेहरे का साथ शेयर किया जा रहा है। ये तस्वीरें पूरी तरह फर्जी हैं। ऐसी तस्वीरों पर भरोसा न करें, क्योंकि इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।''

अभिनेत्री ने आगे कहा, ''किसी व्यक्ति की तस्वीरों के साथ इस तरह की छेड़छाड़ करना बेहद गलत है। एआई तकनीक का इस्तेमाल किसी की छवि खराब करने या गलत जानकारी फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। यह निजता का गंभीर उल्लंघन है और इस तरह की हरकतें मानसिक रूप से परेशान करने वाली हैं। सोशल मीडिया पर लोग बिना सच्चाई जाने ऐसी चीजों को तेजी से शेयर कर देते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है।''

रुक्मिणी ने बताया, ''मैं और मेरी टीम इस मामले पर एक्शन ले रहे हैं। जो लोग इन फर्जी तस्वीरों को बनाने और फैलाने में शामिल हैं, उनके खिलाफ कानूनी और साइबर क्राइम से जुड़ी कार्रवाई शुरू की जा रही है। मेरी लोगों से अपील है कि वे ऐसी तस्वीरों को शेयर न करें और न ही उन्हें बढ़ावा दें। गलत और झूठे कंटेंट को फैलाना भी उतना ही गलत है जितना उसे बनाना।''

अगर रुक्मिणी वसंत के करियर की बात करें तो वह साउथ फिल्म इंडस्ट्री का मशहूर चेहरा हैं। फिल्म 'कातांरा' के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। दर्शकों ने उनके अभिनय को काफी पसंद किया।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story

Tags