'रामायण' के बाद अब बड़े पर्दे पर आएगी 'श्रीमद्भागवतम' वीडियो में जाने सागर पिक्चर्स बनाएगा 7 फिल्मों की मेगा सीरीज, हैदराबाद में शुरू हुई शूटिंग
वर्ष 1987 में टेलीविजन पर प्रसारित हुई सुपरहिट 'रामायण' के जरिए भारतीय दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने अब एक और महत्वाकांक्षी धार्मिक और पौराणिक प्रोजेक्ट का ऐलान किया है। स्टूडियो ने घोषणा की है कि वह 'श्रीमद्भागवतम' पर आधारित 7 फिल्मों की भव्य सिनेमाई सीरीज लेकर आ रहा है। इस मेगा प्रोजेक्ट की शुरुआत 'श्रीमद्भागवतम पार्ट-1' से होगी।
रामानंद सागर की विरासत को आगे बढ़ाएगी नई पीढ़ी
इस महत्वाकांक्षी सीरीज की परिकल्पना और निर्माण महान फिल्मकार डॉ. रामानंद सागर के पोते अमृत सागर चोपड़ा और आकाश सागर चोपड़ा ने किया है। दोनों इस प्रोजेक्ट से सक्रिय रूप से जुड़े हैं, जबकि अमृत सागर चोपड़ा पहले भाग का निर्देशन भी कर रहे हैं। सागर पिक्चर्स का कहना है कि यह प्रोजेक्ट भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सनातन परंपराओं को आधुनिक सिनेमाई तकनीक के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास है।
हैदराबाद में शुरू हुई फिल्म की शूटिंग
'श्रीमद्भागवतम पार्ट-1' की शूटिंग रामोजी फिल्म सिटी, हैदराबाद में शुरू हो चुकी है। प्रोजेक्ट का औपचारिक शुभारंभ तेलंगाना के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में किया गया। फिल्म का निर्माण सागर पिक्चर्स ग्लोबल के बैनर तले किया जा रहा है।
आध्यात्मिक और तकनीकी विशेषज्ञों की मजबूत टीम
फिल्म के शोध कार्य का मार्गदर्शन आध्यात्मिक गुरु और लेखक श्री एम कर रहे हैं, जबकि मोती सागर इस प्रोजेक्ट के मेंटर हैं। मेकर्स का कहना है कि धार्मिक ग्रंथों की प्रामाणिकता और ऐतिहासिक संदर्भों को ध्यान में रखते हुए व्यापक रिसर्च के बाद इस सीरीज को तैयार किया जा रहा है।फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी जोएल शेफर संभाल रहे हैं। वहीं, ऑस्कर विजेता विजुअल इफेक्ट्स विशेषज्ञ क्लाइड एडवर्ड्स इस प्रोजेक्ट में एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में जुड़े हैं। इससे साफ है कि फिल्म में आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स और भव्य सिनेमाई प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिवंगत रामानंद सागर और लीला सागर को समर्पित
सागर पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने बताया कि यह पूरी फिल्म श्रृंखला दिवंगत डॉ. रामानंद सागर और लीला सागर की स्मृति को समर्पित है। स्टूडियो का उद्देश्य उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक आधुनिक तकनीक और बड़े पर्दे के माध्यम से पहुंचाना है।
जल्द साझा होंगी और जानकारियां
मेकर्स के अनुसार, आने वाले महीनों में 'श्रीमद्भागवतम पार्ट-1' की स्टारकास्ट, रिलीज प्लान, फर्स्ट लुक और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की जाएंगी। 7 फिल्मों की इस सीरीज को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े पौराणिक प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।'रामायण' के जरिए इतिहास रचने वाले सागर परिवार की यह नई पहल दर्शकों के बीच पहले से ही चर्चा का विषय बन गई है। अब फिल्म प्रेमियों और पौराणिक कथाओं में रुचि रखने वाले दर्शकों की नजर इस मेगा प्रोजेक्ट की पहली झलक पर टिकी हुई है।

