Samachar Nama
×

आध्यात्मिक यात्रा पर निकले कीकू शारदा, अयोध्या को बताया सुकून और शांति देने वाला स्थल

मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में लंबे समय से काम कर रहे कमीडियन कीकू शारदा दर्शकों को हंसाने का काम करते आए हैं। मंच पर अपनी हाजिरजवाबी, चुलबुले अंदाज और हल्के-फुल्के मजाक से दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर करने वाले कीकू, निजी जीवन में बिल्कुल अलग व्यक्तित्व रखते हैं।

जहां स्क्रीन पर उनका रूप चंचल और मस्ती भरा दिखाई देता है, वहीं वास्तविक जीवन में वे अध्यात्म की ओर गहरी आस्था रखते हैं। उनका कहना है कि मंदिरों में उन्हें जिस प्रकार की मानसिक शांति और आत्मिक सुकून का अनुभव होता है, वैसा अहसास उन्हें कहीं और नहीं मिलता। अब महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर उन्होंने अयोध्या भ्रमण की मंत्रमुग्ध कर देने वाली यात्रा शेयर की है।

कीकू शारदा को अयोध्या के धार्मिक स्थलों का भ्रमण करते हुए देखा गया, जहां राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर की ऊर्जा ने उन्हें सुकून और शांति दोनों दी। अपने इंस्टाग्राम पर कीकू ने यात्रा से जुड़ी फोटो और अनुभव दोनों शेयर किए हैं और अपनी धार्मिक यात्रा के दौरान महसूस हुई आंतरिक शांति को शब्दों में पिरोने की कोशिश की है।

अपनी पत्नी के साथ फोटो पोस्ट कर उन्होंने लिखा, "अयोध्या के राम मंदिर की हमारी यात्रा आस्था, भावनाओं और गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का अनुभव थी। राम मंदिर की भव्यता ने हमें मंत्रमुग्ध कर दिया। इसकी जटिल नक्काशी और दिव्य आभा सदियों की भक्ति और आस्था को प्रतिबिंबित कर रही थी। राम लल्ला के सामने खड़े होकर हमारे भीतर एक गहरी शांति का अनुभव हुआ, कृतज्ञता, आशा और समर्पण की मौन प्रार्थना।"

उन्होंने आगे लिखा, "वहां से हम हनुमानगढ़ी की पवित्र सीढ़ियों पर चढ़े। ऊर्जा, शक्ति और सुरक्षा का भरपूर अनुभव हुआ। भगवान हनुमान का मंदिर शक्तिशाली होते हुए भी सुकून देने वाला था, मानो हमें याद दिला रहा हो कि आस्था कोमल और साहसी दोनों होती है। ऊपर से अयोध्या का मनोरम दृश्य उस क्षण की शांति को और बढ़ा रहा था।"

कीकू शारदा आज भी कपिल शर्मा शो का हिस्सा हैं और सुनील ग्रोवर व कृष्णा अभिषेक के साथ अलग-अलग किरदार में कॉमेडी करते दिखते हैं। अपकमिंग एपिसोड में कीकू अम्मा जी बने हैं और सुनील ग्रोवर उनकी बहू। 'ओ रोमियो' का प्रमोशन करने आए शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी कीकू और सुनील दोनों की कॉमेडी से लोटपोट होने वाले हैं।

--आईएएनएस

पीएस/एएस

Share this story

Tags