'राइज एंड फॉल 2' में काजल राघवानी का बड़ा खुलासा, बोलीं-"मैंने सुसाइड की कोशिश की थी
मुंबई, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल-2' में नजर आ रही हैं। शो के दौरान काजल ने बताया कि उनके जीवन में एक ऐसा समय भी आया था, जब उन्होंने खुद की जान लेने की कोशिश की थी और हाथ की कलाई की नस काट ली थी।
दरअसल, शो के दौरान कंटेस्टेंट निहारिका तिवारी ने काजल के हाथ पर कलाई कटने का निशान देखा और उसके बारे में पूछा। तब काजल ने बताया, "मैंने सुसाइड करते समय अपने हाथ की कलाई की नस काटी थी।"
काजल राघवानी की इस बात ने वहां मौजूद सभी कंटेस्टेंट को चौंका दिया। वहीं, काजल की बात सुनते ही मनीष कश्यप उनसे कहते हैं, "मैं इंजेक्शन से डरता हूं, यहां लड़कियां हाथ काट लेती हैं। आप लोगों को इतनी हिम्मत आ कहां से रही है। शिद्दत से प्यार करिए लेकिन अगर कोई भूल रहा है, तो उसे भूल जाओ।"
हालांकि, काजल ने साफ किया कि ऐसा उन्होंने किसी के छोड़ जाने या प्यार में नहीं किया था बल्कि अपने लिए किया था। काजल की बात सुनकर मनीष कश्यप ने उनसे पूछा कि भला कोई अपने लिए कलाई की नस क्यों काटेगा। काजल ने अपनी उस समय की मेंटल हेल्थ के बारे में बताते हुए कहा, "उस समय मैं जिंदगी के एक ऐसे दौर से गुजर रही थी, जब मुझे न ही दुनिया समझ आ रही थी और न ही जीने का मन था।"
काजल इससे पहले भी शो में मुश्किल रिश्तों और भावनात्मक संघर्षों के बारे में बात कर चुकी हैं। शो के दौरान उन्होंने पूर्व कंटेस्टेंट अनीस भगत के साथ बातचीत में अपने एक्स-बॉयफ्रेंड द्वारा की गई मारपीट और प्रताड़ना का जिक्र किया था। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए बताया था कि जिस व्यक्ति से उन्होंने प्यार किया, उसी ने उन्हें जमीन पर पटककर पैरों व लातों से मारा था और उनके बाल भी खींचे थे।
लोकप्रिय भारतीय रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' पैसे, पावर और रणनीति के खेल पर आधारित है। यह शो अमेजन प्राइम वीडियो (या अमेजन एमएक्स प्लेयर) पर स्ट्रीम होता है।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

