Samachar Nama
×

RIMC Admission 2027: 8वीं में दाखिले का मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन; 6 दिसंबर को होगी प्रवेश परीक्षा
 

RIMC Admission 2027: 8वीं में दाखिले का मौका, 30 सितंबर तक करें आवेदन; 6 दिसंबर को होगी प्रवेश परीक्षा


राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) में कक्षा 8वीं में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जुलाई 2027 टर्म में प्रवेश के लिए RIMC Entrance Examination 2026 (RIMCEE) का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है. योग्य उम्मीदवार 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी.

30 सितंबर तक भर सकेंगे फॉर्म

RIMCEE 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 30 सितंबर की शाम 5 बजे तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं. इसी दिन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी है.

जो उम्मीदवार तय समय में आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक लेट फीस के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा. इसके लिए परीक्षा शुल्क के अलावा 500 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी.

आवेदन फॉर्म में किसी गलती को सुधारने के लिए 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी.

6 दिसंबर को होगी RIMC प्रवेश परीक्षा

RIMC Entrance Exam का पहला चरण 6 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा. परीक्षा देशभर के 39 शहरों में पेन-पेपर मोड में होगी. परीक्षा की कुल अवधि 4 घंटे 30 मिनट रखी गई है.

परीक्षा में:

गणित का पेपर डिस्क्रिप्टिव होगा.
अंग्रेजी में भी डिस्क्रिप्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे.
जनरल नॉलेज का पेपर MCQ आधारित होगा.

लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण यानी वाइवा के लिए बुलाया जाएगा. वाइवा का आयोजन अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है.

कौन कर सकता है आवेदन?

RIMC में जुलाई 2027 टर्म के लिए कक्षा 8वीं में प्रवेश लेने वाले उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2027 को कम से कम 12 साल 6 महीने और अधिकतम 14 साल होनी चाहिए.

यानी उम्मीदवार को निर्धारित कटऑफ तारीख पर RIMC की आयु सीमा पूरी करनी जरूरी है. आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई शैक्षणिक और अन्य पात्रता शर्तों को भी ध्यान से देखना चाहिए.

इतनी देनी होगी आवेदन फीस

RIMCEE 2026 के लिए सामान्य, डिफेंस पर्सनेल/एक्स-सर्विसमैन के वार्ड और OBC कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है.

वहीं SC और ST कैटेगरी के उम्मीदवारों को 750 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा.

RIMC से पढ़ाई के बाद सेना में अधिकारी बनने का रास्ता

RIMC में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए आगे रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का रास्ता खुलता है. संस्थान में पांच साल की पढ़ाई पूरी करने और कक्षा 12वीं की CBSE बोर्ड परीक्षा पास करने के बाद विद्यार्थी रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं.

इसके लिए आगे UPSC की ऑल इंडिया रिटन परीक्षा और Services Selection Board (SSB) इंटरव्यू समेत निर्धारित चयन प्रक्रिया को पूरा करना होता है. सफल उम्मीदवार National Defence Academy (NDA), खड़गवासला में प्रशिक्षण ले सकते हैं. इसके बाद संबंधित सैन्य अकादमियों में प्रोफेशनल ट्रेनिंग पूरी करने पर सशस्त्र बलों में अधिकारी के रूप में कमीशन मिलने का अवसर मिलता है.

ऐसे करें RIMCEE 2026 के लिए आवेदन

उम्मीदवार NTA की आधिकारिक RIMCEE वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे.

फीस जमा करने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें. उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में परेशानी न हो.
 

Share this story

Tags