Railway Recruitment: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने के लिए अब 20 साल उम्र जरूरी, 7 अक्टूबर से लागू हुआ नया नियम
रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। रेलवे बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु सीमा 18 साल से बढ़ाकर 20 साल कर दी है। यह बदलाव 7 अक्टूबर से लागू कर दिया गया है। ऐसे में नई भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आयु सीमा से जुड़े नए नियमों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
हालांकि, रेलवे बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया पहले से जारी है और जिनकी केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (Centralised Employment Notification) पहले ही जारी की जा चुकी है, उन पर पुराने भर्ती नियम ही लागू रहेंगे। यानी इस बदलाव का असर नई भर्ती प्रक्रियाओं पर पड़ेगा।
7 अक्टूबर से लागू हुआ नया नियम
रेलवे बोर्ड ने 7 अक्टूबर को जारी आधिकारिक पत्र के जरिए स्टेशन मास्टर पद पर सीधी भर्ती की न्यूनतम आयु सीमा में बदलाव की जानकारी दी। यह पत्र सभी क्षेत्रीय रेलवे, उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधकों और रेलवे भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों को भेजा गया।
नए नियम के तहत स्टेशन मास्टर पद के लिए न्यूनतम आयु अब 20 साल होगी, जबकि पहले यह सीमा 18 साल थी। रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुसार, संशोधन पत्र जारी होने की तारीख से प्रभावी हो गया है।
हालांकि, जिन भर्तियों के लिए पहले ही अधिसूचना जारी हो चुकी है और भर्ती प्रक्रिया चल रही है, उनमें उम्मीदवारों की पात्रता पुराने नियमों के आधार पर ही तय की जाएगी।
स्टेशन मास्टर भर्ती की न्यूनतम उम्र क्यों बढ़ाई गई?
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन (AISMA) ने रेलवे बोर्ड के इस फैसले का स्वागत किया है। एसोसिएशन ने इसे अपनी लंबे समय से चली आ रही मांग बताया।
एसोसिएशन के महासचिव शरद चंद्र पुरोहित के मुताबिक, स्टेशन मास्टर पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक यानी ग्रेजुएशन है। ऐसे में उम्मीदवारों को अपनी पढ़ाई पूरी करने में आमतौर पर 20 साल या उससे अधिक उम्र हो जाती है।
उनका कहना है कि 18 साल की न्यूनतम आयु सीमा और स्नातक की शैक्षणिक योग्यता के बीच व्यावहारिक अंतर था। ऐसे में न्यूनतम आयु बढ़ाने का फैसला निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप है।
स्टेशन मास्टर बनने के लिए क्या जरूरी है?
स्टेशन मास्टर पद के इच्छुक उम्मीदवारों को भर्ती अधिसूचना में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा। न्यूनतम आयु सीमा बढ़कर 20 साल होने के बाद नई भर्तियों में उम्मीदवारों को इस बदलाव का ध्यान रखना होगा।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह: आवेदन करने से पहले संबंधित रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की आधिकारिक अधिसूचना जरूर पढ़ें। भर्ती पहले से जारी है या नए नियमों के तहत हो रही है, इसी आधार पर आयु सीमा लागू होगी।

