QS MBA Ranking 2027: भारत के 19 संस्थानों ने बनाई जगह, IIM Bangalore सबसे आगे; जानें टॉप ग्लोबल B-Schools
दुनिया के प्रमुख बिजनेस स्कूलों की QS Global MBA Rankings 2027 जारी हो गई है. इस बार भारतीय संस्थानों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है. हालांकि, भारत का कोई भी बिजनेस स्कूल ग्लोबल टॉप 50 में जगह नहीं बना पाया. IIM Bangalore भारतीय संस्थानों में सबसे ऊपर रहा और उसे वैश्विक स्तर पर संयुक्त रूप से 64वीं रैंक मिली है.
इसके बाद IIM Ahmedabad 70वें और IIM Calcutta 95वें स्थान पर रहा. QS ने यह रैंकिंग 16 सितंबर को जारी की. इस साल रैंकिंग में 65 देशों के 400 से ज्यादा फुल-टाइम MBA प्रोग्राम को शामिल किया गया है.
भारत के 19 संस्थान रैंकिंग में शामिल
QS Global Full-Time MBA Ranking 2027 में भारत के कुल 19 संस्थानों को जगह मिली है. यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में काफी बढ़ी है. 2022 की रैंकिंग में भारत के 7 और 2020 में केवल 5 संस्थान शामिल हुए थे.
इस साल भारत के पांच संस्थानों ने पहली बार QS MBA रैंकिंग में प्रवेश किया है. इनमें OP Jindal Global University नए भारतीय संस्थानों में सबसे ऊपर है, जिसे 171-180 के बैंड में रखा गया है.
पहली बार शामिल होने वाले अन्य संस्थानों में Jaipuria Institute of Management, Christ (Deemed to be University) School of Business and Management, Manav Rachna International Institute of Research and Studies School of Leadership and Management और Vikrant University, Gwalior शामिल हैं. ये संस्थान 301+ कैटेगरी में रखे गए हैं.
IIM Bangalore लगातार चौथे साल भारत में नंबर-1
IIM Bangalore लगातार चौथे वर्ष भारत का सबसे ऊंची रैंकिंग वाला MBA संस्थान बना है. हालांकि, वैश्विक रैंकिंग में इस बार संस्थान की स्थिति पिछले साल के मुकाबले नीचे आई है.
2026 में IIM Bangalore 52वें स्थान पर था, जबकि 2027 की रैंकिंग में इसे संयुक्त रूप से 64वीं रैंक मिली है. रोजगार क्षमता के मामले में संस्थान का प्रदर्शन बेहतर रहा. इस इंडिकेटर में IIM Bangalore को वैश्विक स्तर पर 29वां स्थान मिला और एशिया में यह दूसरे स्थान पर रहा.
थॉट लीडरशिप के मामले में भी संस्थान को वैश्विक स्तर पर 51वीं रैंक मिली है.
IIM Ahmedabad और IIM Calcutta की स्थिति
IIM Ahmedabad को QS MBA Ranking 2027 में संयुक्त रूप से 70वीं रैंक मिली है. संस्थान एंटरप्रेन्योरशिप और एलुमनाई आउटकम्स के ग्लोबल टॉप 100 में शामिल इकलौता भारतीय संस्थान रहा. इस इंडिकेटर में इसकी वैश्विक रैंक 84वीं है.
वहीं IIM Calcutta ने वैश्विक स्तर पर 95वां स्थान हासिल किया है. भारत के इन तीन प्रमुख IIM संस्थानों की रैंकिंग में इस साल पिछले संस्करण की तुलना में बदलाव देखने को मिला है.
ग्लोबल टॉप 10 में अमेरिकी संस्थानों का दबदबा
QS MBA Ranking 2027 के टॉप 10 में अमेरिकी बिजनेस स्कूलों का मजबूत प्रदर्शन रहा. शुरुआती चार स्थानों पर अमेरिका के संस्थान रहे.
MIT Sloan School of Management ने पहली बार रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया. इसके बाद Harvard Business School दूसरे, Stanford Graduate School of Business तीसरे और The Wharton School, University of Pennsylvania चौथे स्थान पर रहा.
एशिया में National University of Singapore Business School सबसे ऊपर रहा. वैश्विक रैंकिंग में इसे 23वां स्थान मिला.
किन मानकों पर तैयार हुई MBA Ranking?
QS ने बिजनेस स्कूलों का मूल्यांकन कई प्रमुख मानकों के आधार पर किया. इनमें Employability को सबसे ज्यादा 40 प्रतिशत वेटेज दिया गया. इसके बाद Value for Money को 20 प्रतिशत, जबकि Alumni Outcomes और Thought Leadership को 15-15 प्रतिशत वेटेज मिला. Diversity को 10 प्रतिशत महत्व दिया गया.
QS के आकलन के मुताबिक भारतीय बिजनेस स्कूलों को इस साल रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट, एंटरप्रेन्योरशिप और एलुमनाई आउटकम्स तथा डाइवर्सिटी जैसे क्षेत्रों में वैश्विक संस्थानों से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा. वहीं भारत के 10 संस्थानों ने थॉट लीडरशिप के क्षेत्र में अपने प्रदर्शन में सुधार दर्ज किया.
इस तरह QS MBA Ranking 2027 में भारतीय संस्थानों की कुल मौजूदगी बढ़ी है, लेकिन ग्लोबल टॉप 50 में अभी किसी भारतीय बिजनेस स्कूल को जगह नहीं मिली है.

