Samachar Nama
×

अब सख्त हाथों में NTA की कमान! IAS, IPS और IRS अधिकारियों की एंट्री से बदलेंगे नियम

अब सख्त हाथों में NTA की कमान! IAS, IPS और IRS अधिकारियों की एंट्री से बदलेंगे नियम

देश की प्रमुख परीक्षा एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में परीक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के तहत NTA में पांच वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इन अधिकारियों को डायरेक्टर, ज्वाइंट डायरेक्टर और ज्वाइंट सेक्रेटरी जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार का यह कदम NTA की प्रशासनिक क्षमता मजबूत करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार लाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आइए जानते हैं किन अधिकारियों को कौन-सी जिम्मेदारी दी गई है।

किन 5 अधिकारियों की हुई नियुक्ति?

नई नियुक्तियों में 2005 बैच के IRS अधिकारी अंशुमान शर्मा को ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाया गया है। वहीं 2011 बैच के IRS अधिकारी सथिया एस, 2012 बैच के IAS अधिकारी प्रसन्ना वेंकटेश वी और 2012 बैच के अधिकारी रवि कुमार सिंह को डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा 2016 बैच के IRS अधिकारी अमित सामदरिया को ज्वाइंट डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।

कैबिनेट की नियुक्ति समिति यानी ACC ने अंशुमान शर्मा की नियुक्ति को पांच साल की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति के लिए NTA में खाली पड़े डिप्टी सेक्रेटरी/डायरेक्टर स्तर के पद को अस्थायी रूप से ज्वाइंट सेक्रेटरी लेवल तक अपग्रेड किया गया है।

NTA में अब 5 डायरेक्टर और 4 ज्वाइंट डायरेक्टर

नई नियुक्तियों के बाद मार्च 2025 से अब तक NTA में नियुक्त डायरेक्टरों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है, जबकि ज्वाइंट डायरेक्टरों की संख्या 4 हो गई है।

इससे पहले वर्ष 2025 में पवन कुमार शर्मा और विजय कुमार विनायकराव पाटिल को डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। वहीं आशीष गुप्ता को ज्वाइंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई थी।

इसके बाद मई 2026 में आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को ज्वाइंट डायरेक्टर बनाया गया था। इसी दौरान अनुजा बापट और रुचिता विज को ज्वाइंट सेक्रेटरी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के अनुरूप कदम

NTA में किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को अक्टूबर 2024 में गठित राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों से जोड़कर देखा जा रहा है। समिति ने NTA के पुनर्गठन के साथ-साथ उसकी स्थायी कार्यबल यानी Permanent Workforce को मजबूत करने की सिफारिश की थी।

इसी दिशा में सरकार ने NTA में डायरेक्टर और ज्वाइंट डायरेक्टर स्तर पर कुल 16 नए पद बनाने का फैसला किया है। इनमें दोनों स्तरों पर आठ-आठ पद शामिल हैं।

परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश

NTA देश में कई महत्वपूर्ण प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती है। पिछले कुछ समय में परीक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक क्षमता और परीक्षा संचालन को लेकर कई तरह के सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के फैसले को परीक्षा प्रणाली में सुधार की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

सरकार की कोशिश है कि NTA में स्थायी और अनुभवी अधिकारियों की मजबूत टीम तैयार की जाए, जिससे परीक्षाओं के संचालन, प्रशासनिक कामकाज और उम्मीदवारों से जुड़ी व्यवस्थाओं को ज्यादा प्रभावी बनाया जा सके।

Share this story

Tags