NEET UG 2027: अगले साल भी पेन-पेपर मोड में हो सकती है परीक्षा, CBT लागू करने की राह में कई चुनौतियां
मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्र सरकार ने मई 2026 में घोषणा की थी कि 2027 से नीट परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी CBT मोड में आयोजित की जाएगी। हालांकि, अब इस बदलाव को लागू करना मुश्किल नजर आ रहा है। ऐसे में अगले साल भी परीक्षा पुराने पेन-पेपर मोड यानी ओएमआर शीट पर होने की संभावना जताई जा रही है।
कमेटी की रिपोर्ट के बाद होगा अंतिम फैसला
नीट परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को करना है, लेकिन परीक्षा किस माध्यम से होगी, इसका फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय करेगा। मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में गठित परीक्षा सुधार कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही इस पर निर्णय लिया जा सकेगा।
इस कमेटी की रिपोर्ट पहले अक्टूबर 2026 में आने की उम्मीद थी, लेकिन अब इसके जनवरी 2027 तक आने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद परीक्षा के तरीके पर फैसला लेने और जरूरी तैयारियां पूरी करने के लिए बहुत कम समय बचेगा।
22 लाख से ज्यादा छात्रों के लिए 20 शिफ्टों की चुनौती
कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित करने के लिए बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्रों की जरूरत होगी। इस चुनौती को समझने के लिए जेईई मेन के अप्रैल 2026 सत्र का उदाहरण लिया जा सकता है। इस परीक्षा के लिए करीब 11.10 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। परीक्षा 9 शिफ्टों में 584 केंद्रों पर आयोजित हुई थी।
वहीं, नीट में करीब 22.7 लाख अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था करनी होगी। जेईई मेन की एक शिफ्ट में औसतन लगभग 1.23 लाख छात्रों के परीक्षा देने की क्षमता के आधार पर नीट के लिए करीब 20 शिफ्टों की जरूरत पड़ सकती है।
अगर रोजाना दो शिफ्ट में परीक्षा कराई जाती है, तो इसे पूरा करने में करीब 10 दिन लगेंगे। वहीं, सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही शिफ्ट में कराने के लिए लगभग 10,750 परीक्षा केंद्रों की जरूरत होगी।
हर शिफ्ट के लिए अलग पेपर बनाना होगा
CBT मोड में परीक्षा कराने पर प्रत्येक शिफ्ट के लिए अलग प्रश्नपत्र तैयार करना पड़ेगा। अलग-अलग पेपरों के कठिनाई स्तर में अंतर को संतुलित करने के लिए नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था भी लागू करनी होगी।
जेईई मेन में नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया पहले से मौजूद है, लेकिन नीट में इसे लागू करना आसान नहीं होगा। नीट के आधे सवाल बायोलॉजी विषय से होते हैं। ऐसे में अलग-अलग शिफ्टों में पूछे गए प्रश्नों के कठिनाई स्तर का आकलन और संतुलन बनाना बड़ी चुनौती हो सकती है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर, बिजली, इंटरनेट, तकनीकी कर्मचारियों और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं भी करनी होंगी।
हाइब्रिड मोड बन सकता है विकल्प
मौजूदा परिस्थितियों में इतनी बड़ी परीक्षा को एक ही शिफ्ट में CBT मोड पर आयोजित करना मुश्किल दिखाई देता है। इसके लिए करीब 20 शिफ्टों के अनुरूप बुनियादी ढांचा तैयार करना होगा, जबकि परीक्षा से पहले पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में परीक्षा सुधार कमेटी की ओर से CBT मोड की सिफारिश किए जाने पर भी सीधे पूरी परीक्षा को ऑनलाइन करने के बजाय हाइब्रिड मॉडल पर विचार किया जा सकता है।
इस व्यवस्था के तहत बड़े और मेट्रो शहरों में कंप्यूटर आधारित परीक्षा का विकल्प दिया जा सकता है, जबकि छोटे शहरों में कुछ समय तक पेन-पेपर मोड जारी रखा जा सकता है। इस दौरान ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों का नेटवर्क बढ़ाकर धीरे-धीरे पूरी परीक्षा को CBT मोड में बदला जा सकता है।
हालांकि, नीट-यूजी 2027 का अंतिम परीक्षा मोड स्वास्थ्य मंत्रालय के फैसले और कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

