Samachar Nama
×

NEET UG 2026: राउंड 3 में बढ़ीं 183 MBBS-BDS सीटें, जानें किन राज्यों को मिला फायदा
 

NEET UG 2026: राउंड 3 में बढ़ीं 183 MBBS-BDS सीटें, जानें किन राज्यों को मिला फायदा

NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड 3 में मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एडमिशन लेने वाले उम्मीदवारों के लिए सीटों की संख्या बढ़ा दी गई है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ओर से जारी राउंड 3 की सीट मैट्रिक्स में MBBS और BDS की कुल 183 नई सीटें जोड़ी गई हैं। ये सीटें महाराष्ट्र, पुडुचेरी, त्रिपुरा, उत्तराखंड और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन और दीव के संस्थानों में बढ़ाई गई हैं।
सीट मैट्रिक्स में क्लियर वैकेंसी के साथ वर्चुअल वैकेंसी को भी शामिल किया गया है। इससे उम्मीदवारों को चॉइस फिलिंग के दौरान उपलब्ध सीटों की स्थिति समझने में मदद मिलेगी।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सीटों का इजाफा
नई सीटों में सबसे बड़ा बदलाव महाराष्ट्र में हुआ है। यहां एक मेडिकल और एक डेंटल कॉलेज में कुल 115 सीटें बढ़ाई गई हैं।
अहिल्यानगर स्थित पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में MBBS की 15 नई सीटें जोड़ी गई हैं। ये सीटें ऑल इंडिया कोटे के तहत हैं। इनमें BC की 4, EWS की 1, OP की 7, SC की 2 और ST की 1 सीट शामिल है।
इसके अलावा नागपुर के वानाडोंगरी स्थित दत्ता मेघे डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में BDS की 100 सीटें बढ़ाई गई हैं। ये डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेल्फ फाइनेंस मेरिट सीट कोटे के तहत हैं।
पुडुचेरी में MBBS की 50 नई सीटें
महाराष्ट्र के बाद पुडुचेरी में MBBS की 50 सीटें बढ़ाई गई हैं। कराईकल स्थित विनायक मिशन्स मेडिकल कॉलेज में ये नई सीटें जोड़ी गई हैं।
ये संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी कैटेगरी में आता है और नई सीटें सेल्फ फाइनेंस्ड मेरिट सीट कोटे के तहत OP कैटेगरी में उपलब्ध हैं।


त्रिपुरा और उत्तराखंड में भी सीटों का इजाफा
त्रिपुरा के अगरतला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में MBBS की 8 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इनमें BC की 2, EWS की 1, OP की 3, SC की 1 और ST की 1 सीट शामिल है।
उत्तराखंड के लेट जगजीवन राम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ में MBBS की 7 सीटें बढ़ाई गई हैं। इनमें BC की 2, EWS की 1, OP की 2, OP-PH की 1 और SC की 1 सीट शामिल है।
वहीं सिलवासा स्थित नमो मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में MBBS की 3 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इनमें BC, OP और SC की एक-एक सीट है।
राउंड 3 में 6,703 क्लियर और 10,353 वर्चुअल वैकेंसी
राउंड 3 की सीट मैट्रिक्स के मुताबिक कुल 6,703 क्लियर वैकेंसी और 10,353 वर्चुअल वैकेंसी उपलब्ध हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में क्लियर वैकेंसी के तहत जनरल की 896, OBC की 502, SC की 354, EWS की 191 और ST की 138 सीटें शामिल हैं। एम्स और सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भी अलग-अलग श्रेणियों की सीटें उपलब्ध हैं।

डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेल्फ फाइनेंस कोटे में 2,185 सीटें, जबकि NRI कोटे में 1,209 सीटें शामिल हैं। जैन माइनॉरिटी कोटे में 42 सीटें उपलब्ध हैं।
BDS की बात करें तो सरकारी डेंटल कॉलेजों में जनरल की 105, SC की 49, OBC की 48, ST की 21 और EWS की 9 क्लियर वैकेंसी हैं। वहीं डीम्ड यूनिवर्सिटी में BDS की 253 सीटें उपलब्ध हैं।
30 सितंबर को जारी होगा राउंड 3 का रिजल्ट
NEET UG 2026 काउंसलिंग के राउंड 3 में रजिस्ट्रेशन और फीस जमा करने की प्रक्रिया 22 से 27 सितंबर तक चलेगी। चॉइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया 23 से 28 सितंबर तक होगी।

सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 28 और 29 सितंबर को पूरी की जाएगी। इसके बाद 30 सितंबर को राउंड 3 सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी किया जाएगा।
जिन उम्मीदवारों को सीट अलॉट होगी, उन्हें 1 से 9 अक्टूबर के बीच संबंधित कॉलेज या संस्थान में रिपोर्टिंग करनी होगी।
 

Share this story

Tags