Maharashtra NEET UG Counselling 2026: 10,509 छात्रों को मिली MBBS-BDS सीट, 4 सितंबर तक करना होगा कॉलेज रिपोर्ट
महाराष्ट्र में NEET UG Counselling 2026 के पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया गया है। महाराष्ट्र स्टेट कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) सेल की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित सेंट्रलाइज्ड एडमिशन प्रोसेस के राउंड-1 में कुल 10,509 उम्मीदवारों को MBBS और BDS की सीटें आवंटित की गई हैं।
पहले राउंड में MBBS की 8,065 और BDS की 2,444 सीटों पर उम्मीदवारों को एडमिशन का मौका मिला है। जिन छात्रों को सीट अलॉट हुई है, उन्हें तय समय सीमा के भीतर संबंधित कॉलेज में जाकर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
MBBS की 64 और BDS की 73 सीटें खाली
महाराष्ट्र NEET UG काउंसलिंग के पहले राउंड में MBBS और BDS की कुल 10,646 सीटें उपलब्ध थीं। इनमें से 10,509 सीटों पर सीट अलॉटमेंट किया गया है।
MBBS: 8,129 सीटों में से 8,065 सीटें आवंटित, 64 सीटें खाली।
BDS: 2,517 सीटों में से 2,444 सीटें आवंटित, 73 सीटें खाली।
बताया गया है कि बची हुई सीटें दिव्यांग और अनाथ कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं।
4 सितंबर तक कॉलेज में रिपोर्ट करना जरूरी
पहले राउंड में जिन उम्मीदवारों को कॉलेज आवंटित हुआ है, उन्हें अपना एडमिशन कंफर्म करने के लिए संबंधित कॉलेज में व्यक्तिगत रूप से रिपोर्ट करना होगा। रिपोर्टिंग की प्रक्रिया 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 शाम 5:30 बजे तक पूरी करनी होगी।
उम्मीदवारों को कॉलेज पहुंचते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाने होंगे। इसके अलावा फीस भुगतान के लिए डिमांड ड्राफ्ट भी जमा करना होगा।
CET सेल के मुताबिक, बैंक अवकाश वाले दिन फीस भुगतान के लिए चेक स्वीकार किया जा सकता है। हालांकि, अगले कार्य दिवस पर चेक को डिमांड ड्राफ्ट से बदलना जरूरी होगा। ऐसा नहीं करने पर उम्मीदवार का एडमिशन रद्द किया जा सकता है।
सरकारी MBBS कॉलेज में 538 अंक रहा ओपन कटऑफ
राउंड-1 में सरकारी MBBS कॉलेजों में ओपन कैटेगरी का कटऑफ 538 अंक रहा। इसके बाद नोमेडिक ट्राइब-D के लिए 535, स्पेशल बैकवर्ड क्लास के लिए 534 और OBC के लिए 533 अंक का कटऑफ रहा।
सरकारी BDS कॉलेजों में भी ओपन कैटेगरी का कटऑफ सबसे ज्यादा रहा। यहां ओपन कैटेगरी का कटऑफ 493 अंक, जबकि स्पेशल बैकवर्ड क्लास का कटऑफ 484 अंक रहा।
ऐसे चेक करें Maharashtra NEET UG Seat Allotment Result
जिन उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र NEET UG Counselling 2026 के लिए आवेदन किया था, वे अपना सीट अलॉटमेंट रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।
इसके लिए उम्मीदवारों को:
महाराष्ट्र CET सेल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
UG Medical सेक्शन में जाना होगा।
MBBS/BDS Counselling से संबंधित सीट अलॉटमेंट लिंक पर क्लिक करना होगा।
सीट अलॉटमेंट की लिस्ट डाउनलोड करनी होगी।
लिस्ट में अपना नाम, एप्लीकेशन नंबर, NEET UG रैंक, कैटेगरी और आवंटित कॉलेज की जानकारी चेक करनी होगी।
सीट अलॉटमेंट मिलने के बाद उम्मीदवारों के लिए सबसे जरूरी है कि वे 4 सितंबर की शाम 5:30 बजे तक कॉलेज रिपोर्टिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें।

