JEE Main 2027: परीक्षा में दो महीने से भी कम समय बाकी, तैयारी के दौरान न करें ये 5 गलतियां, एक्सपर्ट ने दी जरूरी सलाह
JEE Main 2027 के जनवरी सेशन की परीक्षा में अब दो महीने से भी कम समय बचा है। बड़ी संख्या में छात्र इस इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। कई उम्मीदवार बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ जेईई मेन की पढ़ाई भी कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा नजदीक आने के साथ छात्रों पर पढ़ाई और बेहतर प्रदर्शन का दबाव भी बढ़ रहा है।
हालांकि, तैयारी के आखिरी दिनों में कुछ ऐसी गलतियां हो जाती हैं, जिनका असर परीक्षा के परिणाम पर पड़ सकता है। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने छात्रों को ऐसी पांच बातों का ध्यान रखने की सलाह दी है, ताकि वे अपना समय सही तरीके से इस्तेमाल कर सकें और परीक्षा के दिन बेहतर प्रदर्शन कर पाएं।
1. सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहें
परीक्षा में कम समय बचने के कारण दिसंबर और जनवरी में सोशल मीडिया पर जेईई मेन से जुड़ी कई तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैल सकती हैं। इनमें पेपर का कठिनाई स्तर, संभावित कटऑफ, पेपर लीक और परीक्षा की तारीख बदलने जैसी बातें शामिल होती हैं।
देव शर्मा के मुताबिक, छात्र ऐसी खबरों और चर्चाओं में उलझकर अपनी तैयारी से ध्यान भटका सकते हैं। इसलिए परीक्षा के आखिरी समय में सोशल मीडिया का इस्तेमाल सीमित करना बेहतर होगा। छात्रों को केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए और अपना पूरा ध्यान पढ़ाई तथा रिवीजन पर लगाना चाहिए।
2. कम नंबर आने के डर से मॉक टेस्ट देना बंद न करें
कई छात्र परीक्षा नजदीक आने पर प्रैक्टिस टेस्ट और मॉक टेस्ट देने से बचने लगते हैं। इसकी वजह होती है कम अंक आने का डर। उन्हें लगता है कि मॉक टेस्ट में खराब प्रदर्शन करने से उनका आत्मविश्वास कम हो जाएगा। लेकिन एक्सपर्ट के अनुसार, ऐसा करना तैयारी के लिहाज से नुकसानदायक हो सकता है।
मॉक टेस्ट का उद्देश्य सिर्फ अंक देखना नहीं, बल्कि अपनी कमजोरियों को पहचानना भी है। अगर किसी टेस्ट में कम नंबर आते हैं, तो निराश होने के बजाय यह समझने की कोशिश करें कि गलतियां कहां हो रही हैं। सवाल हल करने में समय ज्यादा लग रहा है या कॉन्सेप्ट समझने में परेशानी हो रही है, इन बातों का विश्लेषण करें।
जरूरत पड़ने पर अपने शिक्षकों या विषय विशेषज्ञों से सलाह लें। गलतियों को समय रहते सुधारने से वास्तविक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिल सकती है।
3. हर विषय में अलग कटऑफ होने की गलतफहमी न पालें
जेईई मेन और जेईई एडवांस्ड के नियमों को लेकर कई छात्रों के मन में भ्रम रहता है। एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, जेईई मेन में प्रत्येक विषय के लिए अलग से न्यूनतम अंक लाने की अनिवार्यता नहीं होती। इसमें कुल स्कोर यानी एग्रीगेट प्रदर्शन महत्वपूर्ण होता है। वहीं, जेईई एडवांस्ड में विषयवार कटऑफ का प्रावधान होता है।
इसलिए अगर किसी छात्र की फिजिक्स, केमिस्ट्री या मैथ्स में से कोई एक विषय कमजोर है, तो उसे घबराकर तैयारी छोड़ने की जरूरत नहीं है। वह अपनी मजबूत विषयों पर ज्यादा ध्यान देकर कुल स्कोर बेहतर बनाने की कोशिश कर सकता है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कमजोर विषय को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाए। उसमें भी जरूरी कॉन्सेप्ट और आसान सवालों की नियमित प्रैक्टिस करते रहना चाहिए।
4. कम स्कोरिंग और उलझाने वाले टॉपिक्स में ज्यादा समय न लगाएं
परीक्षा के आखिरी दिनों में हर टॉपिक को शुरुआत से पढ़ना व्यावहारिक नहीं होता। ऐसे में छात्रों को अपनी तैयारी का आकलन करके यह तय करना चाहिए कि किन अध्यायों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है और किन टॉपिक्स में समय लगाने से अपेक्षाकृत कम फायदा मिल सकता है।
देव शर्मा की सलाह है कि छात्र विषय विशेषज्ञों की मदद से महत्वपूर्ण और स्कोरिंग टॉपिक्स की पहचान करें। जिन अध्यायों पर उनकी पकड़ अच्छी है, उनका रिवीजन करें और उनसे जुड़े सवालों की प्रैक्टिस बढ़ाएं।
किसी कठिन या कम स्कोरिंग टॉपिक को समझने में जरूरत से ज्यादा समय खर्च करने से बचें। साथ ही, केवल स्कोरिंग टॉपिक्स के भरोसे पूरी तैयारी न छोड़ें। परीक्षा के सिलेबस और अपनी तैयारी के स्तर को ध्यान में रखते हुए संतुलित रणनीति बनाना जरूरी है।
5. देर रात तक जागने की आदत छोड़ें, नींद का रूटीन सुधारें
कई छात्रों की आदत देर रात तक पढ़ने और सुबह देर से उठने की होती है। लेकिन परीक्षा के दिन यह दिनचर्या परेशानी पैदा कर सकती है। जेईई मेन में किसी छात्र को सुबह की शिफ्ट मिलती है, तो उसे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और पूरी एकाग्रता के साथ पेपर हल करने के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए।
इसलिए छात्रों को अभी से अपनी नींद और जागने का समय व्यवस्थित करना चाहिए। परीक्षा की संभावित शिफ्ट को ध्यान में रखते हुए रोजाना एक निश्चित समय पर सोने और उठने की आदत डालें।
पर्याप्त नींद लेने से पढ़ाई के दौरान एकाग्रता बनाए रखने और थकान कम करने में मदद मिलती है। आखिरी दिनों में रातभर जागकर पढ़ने के बजाय नियमित पढ़ाई और सही दिनचर्या को प्राथमिकता दें।
परीक्षा के दबाव में न खोएं आत्मविश्वास
एक्सपर्ट देव शर्मा ने छात्रों को यह भी सलाह दी है कि वे परीक्षा के परिणाम को लेकर जरूरत से ज्यादा तनाव न लें। कम अंक आने या असफल होने का डर तैयारी पर नकारात्मक असर डाल सकता है। छात्रों को खुद पर भरोसा रखना चाहिए और अपनी मेहनत पर ध्यान देना चाहिए।
यह समझना जरूरी है कि जेईई मेन एक महत्वपूर्ण परीक्षा जरूर है, लेकिन यह जिंदगी का आखिरी मौका नहीं है। किसी एक परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक परिणाम न मिलने से किसी छात्र का पूरा भविष्य तय नहीं होता। आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा साबित करने के कई अवसर मिलते हैं।इसलिए बचे हुए समय का सही इस्तेमाल करें, नियमित रिवीजन करें, मॉक टेस्ट के जरिए गलतियां सुधारें और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा की तैयारी जारी रखें।

