Education Update: यूपी के अटल आवासीय स्कूलों में एडमिशन शुरू, कक्षा 6 और 9 के लिए 5 जनवरी तक करें आवेदन; पढ़ाई से लेकर रहना-खाना सब फ्री
उत्तर प्रदेश में बच्चों को बेहतर और निशुल्क शिक्षा दिलाने का मौका मिल रहा है। राज्य के अटल आवासीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ रहने, खाने और यूनिफॉर्म की सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाती है। खास बात यह है कि इन विद्यालयों में मुख्य रूप से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों और विशेष श्रेणी के निराश्रित बच्चों को प्रवेश दिया जाता है।
प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी और उनके अभिभावक 5 जनवरी 2027 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकते हैं। ऐसे में पात्र परिवारों के पास आवेदन करने के लिए सीमित समय है।
कब होगी प्रवेश परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी?
अटल आवासीय विद्यालय समिति और श्रम विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जनवरी 2027 को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। इसके बाद 31 जनवरी 2027 को प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी।
परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
किन बच्चों को मिलेगा एडमिशन?
अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के बच्चों को पात्र माना गया है।
- उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए माता-पिता का पंजीकरण 30 अक्टूबर 2026 तक कम से कम तीन साल पुराना और नवीनीकृत होना जरूरी है। एक श्रमिक परिवार से अधिकतम दो बच्चे आवेदन कर सकते हैं।
- कोविड-19 महामारी के दौरान माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले और महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत निराश्रित बच्चे भी पात्र हैं।
- मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत आने वाले पात्र बच्चों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा।
कक्षा 6 और 9 के लिए आयु सीमा
दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और जन्मतिथि निर्धारित की गई है।
कक्षा 6 में प्रवेश: विद्यार्थी का शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 5 में पढ़ना या उत्तीर्ण होना जरूरी है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए।
कक्षा 9 में प्रवेश: विद्यार्थी का शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 8 में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके लिए जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित की गई है।
आरक्षण के तहत मिलेगा प्रवेश
प्रवेश प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश सरकार के आरक्षण नियमों का पालन किया जाएगा। इसके तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को 27 प्रतिशत, अनुसूचित जाति (SC) को 21 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) को 2 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इसके अलावा पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
निशुल्क मिलेंगी ये सुविधाएं
अटल आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। यहां चयनित विद्यार्थियों को पढ़ाई के अलावा रहने, भोजन और यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं भी पूरी तरह मुफ्त दी जाती हैं।
इसलिए पात्र अभिभावकों को सलाह है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2027 शाम 5 बजे निर्धारित है।

