CTET Alert: 6 सितंबर की परीक्षा टली! सीबीएसई ने दोबारा खोला एप्लीकेशन पोर्टल, जानें नई अपडेट
अगर आप CTET 2026 के लिए आवेदन करने से चूक गए थे, तो आपके लिए अच्छी खबर है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने CTET की 22वीं परीक्षा के लिए दोबारा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक उम्मीदवार अब 1 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.
CBSE की ओर से जारी नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का भी हवाला दिया गया है, जिसमें पात्र शिक्षकों के लिए TET यानी शिक्षक पात्रता परीक्षा की योग्यता को जरूरी बताया गया था. योग्य अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर देने के लिए एक बार फिर ऑनलाइन विंडो खोली गई है.
किन उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करना होगा?
जिन अभ्यर्थियों ने पहले CTET 2026 के लिए आवेदन नहीं किया था, वे 25 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. वहीं, जो उम्मीदवार पहले ही अपना आवेदन जमा कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है.
ऐसे अभ्यर्थियों के लिए यह एक और मौका है, जो किसी कारण से तय समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे.
पहले कब हुआ था आवेदन?
CBSE अब तक CTET की 21 परीक्षाएं आयोजित कर चुका है. 21वीं CTET परीक्षा का रिजल्ट 30 मार्च 2026 को जारी किया गया था. इसके बाद 8 मई 2026 को 22वीं परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया था.
पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 मई से 10 जून 2026 तक चली थी. अब बोर्ड ने छात्रों के हित और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है.
कब होगी CTET की परीक्षा?
आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू होने के बाद अब उम्मीदवार परीक्षा की तारीख का इंतजार कर रहे हैं. CBSE ने बताया है कि आवेदन विंडो बंद होने के बाद संशोधित परीक्षा तारीख की घोषणा की जाएगी.
संभावना है कि CTET 2026 की परीक्षा अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में आयोजित की जा सकती है. हालांकि, परीक्षा की अंतिम तारीख CBSE की ओर से आधिकारिक रूप से घोषित किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगी.

