CBSE Board Alert: 10वीं और 12वीं के आधिकारिक सैंपल पेपर व मार्किंग स्कीम जारी, जानें डाउनलोड करने का आसान तरीका
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के सैंपल क्वेश्चन पेपर और मार्किंग स्कीम जारी कर दी है। बोर्ड ने अलग-अलग विषयों के एसक्यूपी और मार्किंग स्कीम अपनी आधिकारिक एकेडमिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए हैं।
इन सैंपल पेपर की मदद से छात्र यह समझ सकते हैं कि आगामी बोर्ड परीक्षा में प्रश्न किस तरह पूछे जा सकते हैं, पेपर का पैटर्न कैसा रहेगा और अलग-अलग सवालों के लिए कितने अंक निर्धारित किए जाएंगे। वहीं मार्किंग स्कीम से छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि उनके उत्तरों का मूल्यांकन किस आधार पर किया जाएगा।
परीक्षा के पैटर्न को समझने में मिलेगी मदद
सीबीएसई के मुताबिक सैंपल क्वेश्चन पेपर छात्रों और शिक्षकों को प्रश्न पत्र के डिजाइन और पाठ्यक्रम के कवरेज को समझने के लिए एक व्यापक आधार देते हैं। छात्र इन पेपर को पहले खुद हल कर सकते हैं और इसके बाद मार्किंग स्कीम से अपने उत्तरों का मिलान करके अपनी तैयारी का आकलन कर सकते हैं।
कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए विषयवार सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम अलग-अलग उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहित कई विषय शामिल हैं। कक्षा 12वीं के लिए भी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, मैथ्स, अकाउंटेंसी, इकोनॉमिक्स, बिजनेस स्टडीज, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस समेत विभिन्न विषयों के पेपर जारी किए गए हैं।
पास होने के नियम में भी कोई बदलाव नहीं
सीबीएसई ने 2026-27 के लिए असेसमेंट स्कीम या पासिंग क्राइटेरिया में बदलाव नहीं किया है। बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन ढांचा पिछले शैक्षणिक सत्र में लागू व्यवस्था के अनुसार ही रखा गया है। छात्रों के लिए पासिंग क्राइटेरिया भी पहले की तरह लागू रहेगा।
इसलिए छात्रों को किसी नए पासिंग नियम को लेकर भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उन्हें सिलेबस के साथ-साथ सैंपल पेपर और मार्किंग स्कीम के आधार पर अपनी तैयारी को मजबूत करना चाहिए।
ऐसे डाउनलोड करें CBSE Sample Paper 2027
CBSE के सैंपल पेपर डाउनलोड करने के लिए छात्र इन आसान स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
- सबसे पहले सीबीएसई की आधिकारिक एकेडमिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर Sample Question Paper सेक्शन खोलें।
- SQP 2026-27 का विकल्प चुनें।
- इसके बाद कक्षा 10वीं या 12वीं का चयन करें।
- अपनी जरूरत के अनुसार विषय चुनें।
- विषय के सामने दिए गए SQP और Marking Scheme लिंक पर क्लिक करें।
- खुलने वाली PDF को डाउनलोड करके परीक्षा की तैयारी में इस्तेमाल करें।
बोर्ड परीक्षा की डेटशीट का अभी इंतजार
सीबीएसई ने अभी 2027 बोर्ड परीक्षाओं की आधिकारिक डेटशीट जारी नहीं की है। फिलहाल छात्रों के लिए सैंपल पेपर जारी किए गए हैं। डेटशीट जारी होने के बाद परीक्षा की तारीख, विषयवार शेड्यूल और परीक्षा से जुड़े अन्य जरूरी निर्देश स्पष्ट होंगे।

