CAT 2026 Registration: आज शाम 5 बजे बंद होगा आवेदन, 29 नवंबर को परीक्षा; फीस और जरूरी तारीखें जानें
CAT 2026 में शामिल होने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए आवेदन का आखिरी मौका आज है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) इंदौर की ओर से CAT 2026 Registration Window आज, 22 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे बंद कर दी जाएगी। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित समय तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
IIM इंदौर ने पहले ही स्पष्ट किया है कि संशोधित अंतिम तारीख के बाद रजिस्ट्रेशन की अवधि आगे बढ़ाने का प्रावधान नहीं है। ऐसे में उम्मीदवारों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
15 सितंबर से बढ़ाकर 22 सितंबर हुई डेडलाइन
CAT 2026 के लिए आवेदन की शुरुआती अंतिम तारीख 15 सितंबर निर्धारित की गई थी। बाद में उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय देते हुए IIM इंदौर ने डेडलाइन बढ़ाकर 22 सितंबर 2026 कर दी।
आवेदन के लिए पहले New Candidate Registration के जरिए यूजर आईडी और पासवर्ड बनाना होगा। इसके बाद लॉगिन करके व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण भरने होंगे। उम्मीदवारों को अपनी पसंद के IIM प्रोग्राम और टेस्ट सिटी का चयन भी करना होगा।
CAT 2026 की आवेदन फीस कितनी है?
इस बार CAT के लिए आवेदन शुल्क में बदलाव किया गया है। कैटेगरी के अनुसार फीस इस प्रकार है:
• General/EWS/NC-OBC: ₹2,700
• SC/ST/PwD: ₹1,350
फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन के दौरान निर्धारित प्रारूप में फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों को कैटेगरी सर्टिफिकेट भी जमा करना होगा।
फाइनल ईयर में पढ़ रहे उम्मीदवारों को संस्थान की ओर से जारी निर्धारित प्रारूप वाला प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराना होगा।
29 नवंबर को होगी CAT 2026 परीक्षा
CAT 2026 का आयोजन 29 नवंबर 2026, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा देशभर के करीब 170 शहरों में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होगी।
परीक्षा तीन सेशन में होने की जानकारी दी गई है। उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र और संबंधित शिफ्ट की जानकारी एडमिट कार्ड के जरिए मिलेगी।
एडमिट कार्ड 4 नवंबर 2026 से डाउनलोड किया जा सकेगा।
आवेदन के बाद मिलेगा सीमित एडिट का मौका
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद IIM इंदौर की ओर से सीमित अवधि के लिए एप्लीकेशन एडिट विंडो उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि इस सुविधा के जरिए उम्मीदवार फॉर्म की हर जानकारी में बदलाव नहीं कर पाएंगे।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार एडिट विंडो में फोटोग्राफ, सिग्नेचर और टेस्ट सिटी प्रेफरेंस मं बदलाव की सुविधा दी जाएगी। इसलिए फॉर्म सबमिट करने से पहले नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक विवरण, कैटेगरी और अन्य जानकारी को अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है।
आज शाम 5 बजे से पहले करें आवेदन
जिन उम्मीदवारों ने अभी तक CAT 2026 के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें 22 सितंबर की शाम 5 बजे तक रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने की संभावना को देखते हुए आवेदन पहले पूरा करना बेहतर रहेगा।

