BTSC FSO Recruitment 2026: फूड सेफ्टी ऑफिसर के 105 पदों पर भर्ती, 24 अक्टूबर तक करें आवेदन
बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए काम की खबर है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) ने फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) के 105 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. आयोग की ओर से भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जा चुका है और ऑनलाइन आवेदन 25 सितंबर 2026 से शुरू हो गए हैं.
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 24 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसी तारीख तक आवेदन शुल्क जमा करने की भी अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई है.
105 पदों पर होगी नियुक्ति
BTSC की ओर से जारी भर्ती के तहत बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बिहार खाद्य सुरक्षा सेवा में फूड सेफ्टी ऑफिसर के 105 पद भरे जाएंगे. भर्ती में अलग-अलग आरक्षित वर्गों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं. बिहार की मूल निवासी महिला उम्मीदवारों के लिए 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान भी लागू है.
कौन कर सकता है आवेदन?
FSO पद के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए. मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से Food Technology, Dairy Technology, Biotechnology, Oil Technology, Agricultural Science, Veterinary Sciences, Biochemistry, Microbiology, Chemistry या Medicine में ग्रेजुएशन, मास्टर डिग्री या डॉक्टरेट डिग्री वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.
इसके अलावा Food Technology और Agricultural Science से जुड़े कुछ विशेष विषयों की डिग्रियां भी मान्य हैं. इनमें Food Engineering, Food Processing and Preservation, Food Technology and Management, Food Biotechnology और Food Safety and Quality Management शामिल हैं.
उम्र सीमा और आवेदन शुल्क
उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए. उम्र की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. अनारक्षित वर्ग के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित है. अनारक्षित महिला, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष है, जबकि SC/ST वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष रखी गई है.
आवेदन के लिए ऑनलाइन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI के जरिए किया जा सकता है. भुगतान माध्यम से लगने वाला अतिरिक्त शुल्क उम्मीदवार को स्वयं देना होगा.
कैसे होगा चयन?
फूड सेफ्टी ऑफिसर पद पर उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा. परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और कुल 100 अंक निर्धारित हैं. परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी.
प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग की जाएगी. प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा.
24 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवार BTSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती का विज्ञापन और आवेदन से जुड़ी सभी शर्तें देख सकते हैं. आवेदन करने से पहले शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से जांच लेना जरूरी है. ऑनलाइन फॉर्म में गलत जानकारी भरने पर बाद में सुधार का मौका नहीं दिया जाएगा.

