बेटी की शादी में नाच रहे पिता की अचानक मौत, बिंदोली के एक घंटे बाद बिगड़ी तबीयत; अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
राजस्थान के उदयपुर जिले में बेटी की शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बिंदोली में नाच रहे पिता की अचानक मौत हो गई। पिता अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे और परिवार के साथ खुशी-खुशी बिंदोली में डांस कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
यह घटना उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार (भूधर) गांव की है। मृतक की पहचान शंकरलाल मेघवाल के रूप में हुई है। उनकी बेटी प्रियंका की शादी थी और घर में विवाह की रस्में चल रही थीं। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में मंडप सजा था और रिश्तेदारों के आने से खुशियों का माहौल था।
बेटी की बिंदोली में जमकर किया डांस
जानकारी के अनुसार, शंकरलाल मेघवाल बेटी प्रियंका की शादी को लेकर काफी खुश थे। शादी की रस्मों के तहत शाम को गांव में धूमधाम से बिंदोली निकाली गई। इसमें शंकरलाल भी परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों के साथ शामिल हुए। उन्होंने बिंदोली में जमकर डांस किया और बेटी की शादी की खुशियां मनाईं।
हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटने वाला है। बिंदोली समाप्त होने के करीब एक घंटे बाद शंकरलाल अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। उनकी तबीयत बिगड़ते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ऋषभदेव से उदयपुर किया रेफर
परिजन शंकरलाल को तुरंत ऋषभदेव अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर उदयपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
शंकरलाल की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी के मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां चीख-पुकार और मातम छा गया।
पिता का शव मोर्चरी में रखकर कराई बेटी की शादी
इस दुखद घटना के बाद परिवार के सामने बेटी की शादी की रस्में पूरी करने की चुनौती भी थी। परिजनों ने आपसी सहमति से शंकरलाल के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद वर पक्ष को घटना की जानकारी दी गई।
दूल्हा अपने परिवार के कुछ करीबी सदस्यों के साथ गांव पहुंचा। इसके बाद बेहद गमगीन माहौल में प्रियंका की शादी की रस्में सादगी से पूरी करवाई गईं। बेटी की विदाई भी कराई गई। परिवार ने अगले दिन शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया।
परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
शंकरलाल मेघवाल अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। प्रियंका सबसे बड़ी बेटी थीं और उनके दो छोटे भाई हैं। बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए पिता उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे थे, लेकिन शादी के दिन ही उनकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पटियार गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। जिस बेटी को पिता ने खुशी-खुशी विदा करने का सपना देखा था, उसकी विदाई के समय पूरा परिवार आंसुओं में डूबा हुआ था।

