उदयपुर में तलवार के साथ रील बनाना युवक को पड़ा भारी, वीडियो में देखें पुलिस ने पकड़ा; माफी मांगता दिखा आरोपी
उदयपुर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक युवक पर भारी पड़ गया। फिल्मी स्टाइल में हाथ में तलवार लेकर वीडियो शूट करने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के बाद युवक कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी, इसी दौरान एक युवक तलवार के साथ रील बनाता हुआ पाया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और तलवार जब्त कर ली।
पकड़े जाने के बाद युवक ने पुलिस के सामने सफाई देते हुए कहा कि उसका कोई आपराधिक इरादा नहीं था। उसने बताया कि वह सिर्फ सोशल मीडिया के लिए एक रील बनाना चाहता था और फिल्मी हीरो की तरह तलवार लहराकर वीडियो शूट कर अपने दोस्तों के बीच धाक जमाना चाहता था। उसका उद्देश्य इस वीडियो को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डालकर लाइक्स और कमेंट्स हासिल करना था।
हालांकि, उसकी यह “रील लाइफ” वाली प्लानिंग रियल लाइफ में कानूनी मुश्किलों में बदल गई। पुलिस ने उसे समझाइश देते हुए हथियार के दुरुपयोग और सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक गतिविधि को गंभीरता से लिया।
स्थानीय स्तर पर यह भी सामने आया है कि झाड़ोल, फलासिया और बाघपुरा क्षेत्रों में कुछ युवाओं के बीच बाइक स्टंट और हथियारों के साथ रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे कई बार कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती खड़ी हो रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार के हथियारों के साथ रील बनाना या सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक स्टंट करना कानूनी अपराध है, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

