Udaipur में बकरी को पानी पिलाने गए युवक का पैर फिसला, कुएं में डूबने से हुई मौत, रेस्क्यू टीम ने निकाला शव
जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। दिनभर चले बचाव अभियान के बाद रात करीब 12 बजे शव बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुमाजी गमेती पुत्र खुमाणीलाल मंगलवार दोपहर एक बजे गोगुंदा थाना क्षेत्र के रावलिया खुर्द गांव के बाहर बकरी को पानी पिलाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह कुएं में गिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन रात नौ बजे तक वे असफल रहे। इसके बाद गोगुंदा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
रात 10 बजे गोगुंदा पुलिस थाने से उदयपुर सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई। रात साढ़े ग्यारह बजे सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोर विपुल चौधरी व भवानी शंकर वाल्मीकि के नेतृत्व में बचाव अभियान शुरू किया। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव कुएं से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है, जहां बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बचाव अभियान में टीम के सदस्य विजय नकवाल, मनोज जीसी और ड्राइवर कैलाश मेनारिया भी मौजूद थे।

