15 करोड़ का कारोबार छोड़कर जैन साधु बनने जा रहा राजस्थान का परिवार, वीडियो में जाने पत्नी और दो बेटियों के साथ दिलीप भाई लेंगे दीक्षा
राजस्थान के एक गांव से निकलकर सूरत में करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार खड़ा करने वाला परिवार अब सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर संयम के मार्ग पर आगे बढ़ने जा रहा है। लंबे समय तक व्यापार करने के बाद दिलीप भाई भोगर ने पत्नी ज्योति बेन और अपनी दो बेटियों छवि व चार्वी के साथ जैन दीक्षा लेने का निर्णय किया है। परिवार के चारों सदस्य 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में दीक्षा ग्रहण करेंगे।
दिलीप भाई मूल रूप से उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने सूरत में रहकर कपड़ा कारोबार में अपनी पहचान बनाई। सूरत के कपड़ा बाजार में उनका व्यवसाय है, जिसका सालाना कारोबार करीब 15 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। हालांकि, व्यापार में सफलता और आर्थिक संपन्नता के बावजूद उनके मन में वैराग्य के भाव जागने लगे। इसके बाद उन्होंने कारोबार का विस्तार करने के बजाय उसे समेटना शुरू कर दिया और संयम का जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
पत्नी और दोनों बेटियों ने भी चुना वैराग्य का मार्ग
दिलीप भाई के इस फैसले में उनकी पत्नी ज्योति बेन और दोनों बेटियों छवि व चार्वी ने भी साथ देने का निर्णय किया। परिवार ने मिलकर सांसारिक जीवन की सुख-सुविधाओं और व्यापारिक जिम्मेदारियों को छोड़कर जैन दीक्षा लेने का संकल्प लिया है।परिवार की एक बेटी शैली पहले ही सांसारिक जीवन का त्याग कर दीक्षा ले चुकी है। अब परिवार के चार अन्य सदस्य भी उसी मार्ग पर आगे बढ़ने जा रहे हैं। इस तरह भोगर परिवार के कई सदस्यों ने संयम और आध्यात्मिक जीवन को अपनाने का निर्णय किया है।
एक बेटी ने बनाया क्रोशिया का कारोबार, दूसरी खेल चुकी है फुटबॉल
दिलीप भाई की बेटी छवि ने अपने हुनर को पहचान देते हुए क्रोशिया से कलाकृतियां और उपयोगी वस्तुएं बनाने का काम शुरू किया था। उन्होंने इस हुनर को कारोबार का रूप दिया। वहीं, दूसरी बेटी चार्वी सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल खेल चुकी है। दोनों बेटियों ने अपनी अलग-अलग रुचियों और क्षमताओं के बावजूद अब परिवार के साथ वैराग्य का रास्ता चुनने का फैसला किया है।
पैतृक गांव में भावुक माहौल, जगह-जगह हो रहा अभिनंदन
इन दिनों भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ में है। परिवार के इस फैसले की जानकारी मिलने के बाद गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह और भावनात्मक माहौल है। ग्रामीण जगह-जगह परिवार का अभिनंदन कर रहे हैं।करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार छोड़कर परिवार के चार सदस्यों का एक साथ दीक्षा लेने का निर्णय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजरें 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल में होने वाले दीक्षा समारोह पर हैं।

