उदयपुर के नारी निकेतन में दुष्कर्म, डॉक्टर और 3 महिला कार्मिक के खिलाफ केस दर्ज
उदयपुर के नारी निकेतन में एक किशोरी से बलात्कार का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर उदयपुर के एक डॉक्टर और महाराष्ट्र की तीन महिला कर्मचारियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद उदयपुर के सुखेर थाने में भी एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ ने बताया कि महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित कर्जत थाने से रिपोर्ट मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता वर्ष 2022 में अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी और शादी कर ली थी। उस समय नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला और नारी निकेतन स्थित बालिका गृह में ले गई। पिछले महीने बालिग होने पर वह नारी निकेतन छोड़कर महाराष्ट्र में अपने पति के साथ रहने लगी।
पीड़िता का आरोप- अन्य लड़कियों का भी शोषण किया गया
पीड़िता ने नारी निकेतन के डॉक्टर डॉ. अरविंद पर बलात्कार का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि डॉ. अरविंद ने उसके साथ बलात्कार किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब उसने कर्मचारी किरण को इस बारे में बताया, तो उसने उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने रिपोर्ट में लिखा है कि अन्य बच्चियों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ, लेकिन वे डर के मारे कुछ नहीं बता रही हैं।
ऐसी घटना की कोई संभावना नहीं - सीडब्ल्यूसी
उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने मामले की जांच एएसपी रामेश्वर लाल को सौंपी है। वहीं, नारी निकेतन की पदाधिकारियों ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। सीडब्ल्यूसी से जुड़ी यशोदा ने बताया कि जब भी डॉक्टर यहां बच्चियों की जांच करने आते हैं, तो सभी बच्चियों को एक साथ लाया जाता है। अगर कोई पुरुष डॉक्टर आता है, तो उसके साथ एक पैनल होता है। उनका कहना है कि ऐसी किसी घटना की कोई संभावना नहीं हो सकती।

