टोंक में पेयजल समस्या को लेकर प्रदर्शन, वीडियो में जाने नरेश मीणा ने कलेक्टर से वार्ता के बाद धरना स्थगित किया
देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार दोपहर भगत सिंह सेना के सुप्रीमो Naresh Meena अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला प्रशासन के सामने क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं उठाईं और समाधान की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन की तैयारी की।इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्टर Tina Dabi से मुलाकात कर करीब आधे घंटे तक बातचीत की। वार्ता के दौरान पेयजल आपू, स्थानीय विकास कार्यों और अन्य जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
कलेक्टर टीना डाबी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सभी मांगों का न्यायसंगत और शीघ्र समाधान किया जाएगा। प्रशासन की ओर से दिए गए इस आश्वासन के बाद नरेश मीणा ने प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।वार्ता के बाद नरेश मीणा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के चलते आज का धरना स्थगित किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
धरने की घोषणा के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हो गए थे, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था। हालांकि प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित कर ली गई।प्रशासन ने भी कहा है कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद धरना कार्यक्रम टल गया है, लेकिन आने वाले दिनों में समाधान पर नजर बनी रहेगी।

