नशे और हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, फुटेज में देंखे 6 मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार
जिले में अवैध नशे और हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में जिला स्पेशल टीम (DST) ने नासिरदा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 6 मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक नामजद आरोपी समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 13.30 ग्राम अवैध स्मैक, 10 लीटर हथकड़ शराब और 51 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू, 27 हजार 700 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 2.60 लाख रुपये है।
स्मैक और शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि टीम को नशे और अवैध हथियारों की गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिली थी। इसके बाद नासिरदा थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई।पुलिस ने रामसिंह नामक आरोपी को 8 ग्राम स्मैक और 51 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ और शराब कहां से लेकर आया था और इन्हें कहां सप्लाई करने की तैयारी थी।वहीं एक महिला तस्कर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 5.30 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके साथ ही उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 700 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस को आशंका है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल नशीले पदार्थ की तौल के लिए किया जा रहा था।
हथियार और नकदी भी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो धारदार चाकू भी बरामद किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में आरोपियों के पास से कुल 27 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य सामान को भी जब्त कर लिया है।DST की कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध नशे और हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नासिरदा क्षेत्र में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत की जांच कर रही है।

