श्रीगंगानगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, वीडियो में जानें लॉरेंस गैंग का सक्रिय अपराधी घायल
श्रीगंगानगर में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे सदर थाना पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लॉरेंस गैंग से जुड़े सक्रिय अपराधी संजय उर्फ चद्दर उर्फ संजू को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कई थानों में फिरौती और अन्य गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले उसने एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर फायरिंग कर फिरौती की मांग की थी।
पुलिस को बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर थानाधिकारी सुभाष ढील के नेतृत्व में सूरतगढ़ बाईपास पुल पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का कहना है कि रुकने का इशारा करने पर बदमाश ने अचानक टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर की जांघ में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल बदमाश अस्पताल में पुलिस निगरानी में है और उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

