ओमान में ड्रोन हमले में सीकर के युवक की मौत, वीडियो में देखें गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच एक दुखद खबर राजस्थान से सामने आई है। सीकर जिले के एक युवक की ओमान में ड्रोन हमले में मौत हो गई। युवक का शव मंगलवार को गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय विक्रम वर्मा के रूप में हुई है, जो खंडेला क्षेत्र के अगलोई गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को ओमान में हुए ड्रोन हमले में वह इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। विक्रम वर्मा महज कुछ हफ्ते पहले ही रोजगार की तलाश में ओमान गया था। वह 23 फरवरी को विदेश पहुंचा था और वहां एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में सड़क निर्माण का काम कर रहा था। परिवार के अनुसार, विक्रम अपने परिवार का सहारा था और बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर विदेश गया था।
मौत से पहले परिवार से की थी बात:
हादसे से ठीक एक दिन पहले विक्रम ने अपने परिवार के साथ ग्रुप वीडियो कॉल पर बात की थी। इस दौरान उसने अपनी मां, मामा, मौसी और बहन से बातचीत की। परिवार के लोगों के मुताबिक, विक्रम ने कहा था कि वह सुरक्षित है, उसे समय पर खाना मिल रहा है और काम भी ठीक चल रहा है।
हालांकि बातचीत के दौरान उसने वहां के हालात को लेकर चिंता भी जताई थी। उसे अंदेशा था कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर कभी भी देखने को मिल सकता है।
गांव में पसरा मातम:
मंगलवार को जब विक्रम का शव उसके गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम थीं। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता अपने जवान बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और विदेशों में काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

