सीकर के गणेश्वर तीर्थ धाम में कुंड में फेंके सूटकेस में धमाका, फुटेज में देखें जीर्णोद्धार कार्य के दौरान मची अफरा-तफरी
राजस्थान के सीकर जिला स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गणेश्वर तीर्थ धाम में गुरुवार दोपहर एक संदिग्ध घटना से हड़कंप मच गया। कुंड परिसर में फेंके गए एक सूटकेस में अचानक जोरदार धमाका हो गया, जिससे मौके पर मौजूद मजदूरों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, घटना नीमकाथाना इलाके में दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर हुई। उस समय कुंड परिसर में जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर और कर्मचारी अपने काम में लगे हुए थे, तभी दो संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शी मजदूर सुरेश ने बताया कि दोनों लोगों के हाथ में एक सूटकेस और नारियल से भरी थैली थी। उनमें से एक व्यक्ति किसी से मोबाइल फोन पर बात कर रहा था और कुंड में नारियल व सूटकेस डालने को लेकर चर्चा कर रहा था।
कुछ ही देर बाद उसने पहले नारियल कुंड में फेंका और फिर सूटकेस डाल दिया। जैसे ही सूटकेस पानी में गिरा, जोरदार धमाका हुआ और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। धमाके की आवाज सुनकर मजदूर और आसपास मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल राहत की बात यह है कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सूटकेस में क्या सामग्री थी और धमाका किस कारण से हुआ। सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सहयोग करने की अपील की है। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

