सीकर में नशे में धुत सरकारी डॉक्टर ने महिला को मारी टक्कर, वीडियो में देंखे ड्रिंक एंड ड्राइव में गाड़ी जब्त
राजस्थान के सीकर जिले में एक सरकारी डॉक्टर पर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मारने का आरोप लगा है। हादसे में महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर की गाड़ी को ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में जब्त कर लिया है।मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि एसके हॉस्पिटल में पदस्थापित डॉक्टर देशमुख शराब के नशे में कार चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डॉक्टर ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क पर जा रही एक महिला को भी अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने रोकी गाड़ी
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डॉक्टर की गाड़ी को रुकवा लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक से पूछताछ की।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में मिला अल्कोहल
पुलिस ने मौके पर डॉक्टर की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। जांच में उनके शरीर में अल्कोहल की मौजूदगी पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।
महिला का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल महिला का सीकर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली, जिन्होंने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे मामलों पर गंभीर सवाल खड़े करती है, खासकर तब जब नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षित और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही कानून की अनदेखी करते नजर आते हैं।

