रींगस में ASI पर कार सवार युवकों का हमला, वीडियो में देंखे वर्दी फाड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
सीकर जिले के रींगस क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के साथ मारपीट और अभद्रता का गंभीर मामला सामने आया है। कार सवार तीन युवकों ने ASI पर हमला कर उनकी वर्दी फाड़ दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को कामदा एकादशी के अवसर पर रींगस स्थित बाबा श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ASI सांवतराम गुर्जर की ड्यूटी लाखनी मोड़ पर लगाई गई थी। वे वाहनों को सुचारू रूप से दूसरे मार्गों पर डायवर्ट कर रहे थे।
इसी दौरान शाम करीब 4 बजे एक कार वहां पहुंची, जिसमें तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि ये युवक नो-एंट्री वाले मार्ग से वाहन ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिस पर ASI ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इसी बात को लेकर कार सवार युवकों और ASI के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि तीनों युवकों ने पहले ASI के साथ अभद्रता की और फिर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उन्होंने ASI की वर्दी भी फाड़ दी।
हमले में ASI सांवतराम गुर्जर को आंख, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए हमलावरों की कार को जब्त कर लिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
ASI की ओर से रींगस थाने में मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना कानून-व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

